सरधना। चौधरी चरण सिंह कांवड़ पटरी मार्ग पर गांव कपसाड़ के पास टायर फटनेे पर धंसा ट्रक। संवाद
सरधना। चौधरी चरण सिंह कांवड़ पटरी मार्ग पर बृहस्पतिवार को एक बड़ा हादसा उस समय टल गया, जब एक ट्रक का चलते समय टायर फट गया। तेज गति के कारण ट्रक अनियंत्रित होकर क्रश बैरियर से जा टकराया और वहीं रुक गया। गनीमत रही कि हादसे के समय कांवड़िये कुछ दूरी पर थे।
मैनपुरी जिले के एटा निवासी चालक अरुण फरीदाबाद से लोहे का सामान लादकर बुधवार देर रात हरिद्वार के लिए रवाना हुआ था। बृहस्पतिवार सुबह जब वह सरधना क्षेत्र में चौधरी चरण सिंह कांवड़ पटरी मार्ग पर कपसाड़ गांव के सामने पहुंचा तो अचानक ट्रक का एक टायर फट गया। टायर फटते ही चालक का ट्रक से नियंत्रण हट गया और तेज रफ्तार ट्रक लगभग 200 मीटर दूर जाकर सड़क किनारे लगे क्रश बैरियर से टकराकर रुक गया। हादसे के समय मौके पर मौजूद ग्रामीणों ने बताया कि कुछ ही दूरी पर दो कांवड़िये जल लेकर गुजर रहे थे। यदि ट्रक कुछ मीटर पहले ही नियंत्रण खोता तो उनकी जान पर बन सकती थी। दुर्घटना में चालक को मामूली चोट आई है। ट्रक को जेसीबी की मदद से सड़क से हटवाया गया।