बाजार पहुंचा किसानों को मिलने वाला जई का बीज
मेरठ। किसानों को दिया जाने वाला जई का बीज पशु चिकित्साधिकारी और चारा निरीक्षक द्वारा बाजार में बेचे जाने का मामला सामने आया है। इसका एक ऑडियो भी वायरल हो रहा है।
सरकार की योजनाओं का लाभ किसानों तक कितना पहुंच रहा है इसकी सच्चाई किसानों को दिए जाने वाले बीज के वायरल ऑडियो से बयां हो रही है। उत्तर प्रदेश सरकार ने किसानों को उन्नत जई का बीज किसानों तक पहुंचने की योजना तैयार की है। जई का सरकारी रेट 37 रुपये प्रति किलो निर्धारित किया गया। बीज वितरण की जिम्मेदारी जनपद के सभी राजकीय पशु चिकित्साधिकारियों को दी गई। वायरल ऑडियो के अनुसार राजकीय पशु चिकित्साधिकारी परतापुर डॉ. अजय सिंह ने भी जई का कुछ बीज किसानों तक पहुंचाने के लिए चारा निरीक्षक जयवीर मलिक से लिया। वायरल ऑडियो में अजय सिंह द्वारा दुकानदार से वार्ता किए जाने की बात सामने आई है।
शासन तक पहुंची ऑडियो
- पशु चिकित्साधिकारी और चारा निरीक्षक के बीच हुई वार्ता की ओडियो शासन तक पहुंच गई है। शासन ने वीडियो पर संज्ञान लेते हुए मुख्य पशु चिकित्साधिकारी से बात की है। साथ ही सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए हैं।
कार्रवाई की जाएगी
- वायरल ऑडियो का मामला शासन स्तर तक पहुंच गया है। निदेशक ने भी इस पर संज्ञान लिया है। प्रकरण कर जांच कराई जाएगी। किसानों को मिलने वाला जई का बीज बाजार में बेचा जाना अपराध है। कार्रवाई अवश्य की जाएगी। - अनिल कुमार, मुख्य पशु चिकत्साधिकारी मेरठ।