फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

घंटाघर पर प्रदर्शन कर लौट रही भीड़ हुई बेकाबू

विज्ञापन
सहारनपुर में जामा मस्जिद पर जुमे की नमाज के बाद नेहरू मार्केट में दुकानो पर लूटपाट व तोडफोड़ करते - फोटो : SAHARANPUR
विज्ञापन
घंटाघर पर प्रदर्शन कर लौट रही भीड़ हुई बेकाबू
विज्ञापन

पथराव और तोड़फोड़ से मची भगदड़, दहशत में बंद हो गए थे बाजार
जुलूस के आते ही बंद होते गए बाजार, कुछ दुकानें खुली थीं, जिन्हें उपद्रवियों ने बनाया निशाना
पुलिस की गाड़ियों पर बरसाए डंडे, आधा घंटा रही अराजकता की स्थिति, बवाल के बाद पुलिस फोर्स तैनात
फोटो समाचार
अमर उजाला ब्यूरो
सहारनपुर। महानगर में शुक्रवार को जमकर बवाल हुआ। सड़कों पर उतर कर प्रदर्शन कर रही भीड़ नेतृत्व विहीन थी। जामा मस्जिद से जुलूस घंटाघर की ओर बढ़ा तो बाजार बंद होते गए। जो दुकानें खुली थीं, उन्हें प्रदर्शन कर लौट रही भीड़ ने निशाना बनाया। पथराव किया, दुकानों के बाहर खड़े वाहन गिरा दिए। दुकानों से सामान उठाकर फेंकना शुरू कर दिया। लूटपाट की कोशिश की। कुछ व्यापारियों ने सामान लूटने का भी आरोप लगाया है।
पैगंबर हजरत मोहम्मद साहब पर टिप्पणी करने के विरोध में हजारों संख्या में एक समुदाय के लोग सड़क पर उतर गए। ये लोग नूपुर शर्मा की गिरफ्तारी और अल्लाह हू अकबर के नारे लगा रहे थे। घंटाघर पर प्रदर्शनकारियों ने हंगामा किया तो पुलिस ने भीड़ को बल का प्रयोग कर खदेड़ दिया। घंटाघर से लौटती भीड़ ने नेहरू मार्केट, श्रीराम चौक पर दुकानों के बाहर रखे सामान को बाहर फेंक दिए। घंटाघर से खदेड़ी गई भीड़ ने नेहरू मार्केट, श्रीराम चौक पर आकर दुकानदारों को अपना निशाना बनाना शुरु कर दिया। भीड़ ने पथराव किया। रेडीमेड गार्मेंट व्यापारी राजेश ठकराल की दुकान के शीशे तोड़ दिए। यहां खड़ी पुलिस की जीप पर भी पथराव किया और डंडे बरसाए। दुकानों के बाहर खड़े वाहनों को गिरा कर तोड़फोड़ की। सिटी प्लाजा मार्केट के गणेश मोबाइल, बजाज मोबाइल, चीफ क्राकरी, मनोज बजाज, शिवम गुलाटी, नीलम साड़ी आदि की दुकानों के बाहर से रखा सामान उठा कर फेंक दिया। कुछ मोबाइल का सामान भी उठाकर ले गए। पथराव में दुकानदार नरेंद्र भूटानी को चोट लगी। मनोज बजाज के पैर में भी ईंट लगी।
विज्ञापन

इस घटना से शहर में दहशत का माहौल बन गया। नेहरू मार्केट, श्री राम चौक, मोरगंज, नवाबगंज, नखासा बाजार में भगदड़ मच गई। तमाम बाजार बंद हो गए। पथराव में एक सिपाही और दो दुकानदार घायल हो गए। सूचना पर कमिश्नर लोकेश एम. आईजी प्रीतिंदर सिंह, जिलाधिकारी अखिलेश सिंह, एसएसपी आकाश तोमर भारी पुलिस बल लेकर मौके पर पहुंचे और स्थिति को नियंत्रित किया। जानकारी पर शहर विधायक राजीव गुंबर भी मौके पर पहुंचे। मौके पर भारी पुलिस बल तैनात किया गया है।एसएसपी आकाश तोमर ने बताया कि इस घटना के संबंध में पुलिस की ओर से शहर कोतवाली में रिपोर्ट दर्ज कराई जा रही है। उन्होंने बताया कि जनपद में बिना अनुमति के जुलूस निकाल कर प्रदर्शन करने वाले अभी तक 36 लोगों को गिरफ्तार किया गया है। अन्य लोगों को चिह्नित कर तलाश किया जा रहा है।
-जुलूस निकालने वालों को पहले ही नोटिस जारी कर दिए गए थे। बिना अनुमति के जुुलूस निकाल कर प्रदर्शन किया गया। जुलूस में शामिल लोगों को चिह्नित कर उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। स्थिति पूरी तरह से नियंत्रण में है। अखिलेश सिंह जिलाधिकारी, सहारनपुर
-घंटाघर से लौटती भीड़ में शामिल कुछ लोगों ने माहौल बिगाड़ने का प्रयास किया। दुकान के बाहर खड़े वाहनों को गिरा कर दुकानों को भी लूटने का प्रयास किया। इसके बाद पुलिस ने बल प्रयोग किया है। ऐसे लोगों को चिह्नित कर कार्रवाई की जाएगी। प्रीतिंदर सिंह, आईजी सहारनपुर
-घंटाघर पर आधे घंटे किया खूब हंगामा, सड़कों पर जाम लगाया
सहारनपुर। भीड़ ने घंटाघर जाकर आधे घंटे तक जम कर हंगामा किया। यहां की सभी पांचों सड़कों को जाम कर दिया। भीड़ में शामिल युवकों ने घंटाघर चौक में घुस कर भी तोड़फोड़ करनी शुरु की। जिस पर यहां मौजूद आईजी ने पुलिस कर्मियों को निर्देश दिए तो पुलिस कर्मियों ने युवको को खदेड़ा। इसी दौरान भीड़ ने पथराव कर दिया। सिपाही कुलदीप और पूर्व पार्षद पंकज उपाध्याय के घायल होने पर पुलिस ने लाठी चार्ज कर भीड़ को यहां खदेड़ा। इसके बाद भीड़ प्रदर्शन करते हुए नवाब गंज जामा मस्जिद की ओर लौटना शुरु हुई।
ग्राहकों ने भाग कर जान बचाई
सहारनपुर। जिस समय बवाल हुआ उस दौरान नेहरू मार्केट, सिटी मार्केट, नवाब गंग चौक बाजार में ग्राहक भी मौजूद थे। अचानक बवाल होने और भगदड़ मचने पर बाजारों में खरीदारी को आए ग्राहकों और महिलाओं ने मौके से भाग कर अपने को सुरक्षित किया।
----------
आग्रह के बावजूद दुकानदारों ने बाजार नहीं खोला
सहारनपुर। बवाल करने वालों को खदेड़ने के बाद मौके पर पहुंचे अधिकारियों ने दुकानदारों से वार्ता की तथा अपनी दुकानें खोलने का आग्रह किया, मगर दुकानदारों ने अपने दुकानें खोलने से इंकार कर दिया। नेहरू मार्केट, मोरगंज, नवाबगंज के दुकानदारों ने कहा ऐसे माहौल में वे दुकानें नहीं खोलेंगे।
-------------------
दुकानदार भयभीय
सहारनपुर। बवाल की घटना के बाद क्षेत्र के दुकानदारों में भय व्याप्त है। नेहरु मार्केट के अध्यक्ष राजकुमार मक्कड का कहना है कि इस घटना से यहां के दुकानदार अपने को असुरक्षित महसूस कर रहे है। आज यहां पर पर्याप्त पुलिस बल नहीं था। इस संबंध में आईजी से वार्ता की जाएगी।
विज्ञापन

-------------------
विधायक और भाजपा नेता मौके पर पहुंचे
सहारनपुर। शहर विधायक राजीव गुंबर ने घटना के बाद नेहरु मार्केट पहुंच कर दुकानदारों से घटना की जानकारी ली। उन्होंने दुकानदारों को न्याय दिलवाने का आश्वासन दिया। पूर्व सांसद राघवलखन पाल शर्मा और भाजपा महानगर अध्यक्ष राकेश जैन आदि भी मौके पर पहुंचे।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें