मेरठ में मवाना रोड स्थित भगत लाइन के पास शुक्रवार रात दंपती ने मामूली विवाद में जहर खा लिया। सड़क पर दोनों तड़प रहे थे। राहगीरों ने दोनों को अस्पताल में भर्ती कराया। जिसमें महिला की मौत हो गई, जबकि युवक की हालत गंभीर बनी हुई है। महिला के परिजनों ने पति और ससुराल पक्ष के लोगों पर हत्या का आरोप लगाकर लालकुर्ती थाने में तहरीर दी है।
गंगानगर थाना क्षेत्र के मामेपुर में रवि वर्मा परिवार के साथ रहता है। उसका घर के पास रहने वाली निशा से प्रेम-प्रसंग चल रहा था। निशा कचहरी में एक वकील के चैंबर पर काम करती है। दोनों ने एक साल पहले कोर्ट मैरिज की थी। शादी के कुछ महीने बाद से ही विवाहिता को परेशान किया जाने लगा। परेशान होने के बाद पहले तो समझौते का प्रयास होता रहा। करीब तीन महीने पहले लड़की पक्ष ने लड़के पक्ष के खिलाफ गंगानगर थाने में मुकदमा दर्ज करा दिया। मामला कोर्ट में विचाराधीन है। वहीं समाज के कुछ लोगों ने समझौते के प्रयास शुरू हुए।
शुक्रवार को कचहरी में दंपती के बीच समझौता हो गया। इसके बाद दोनों मवाना रोड से घर की ओर जा रहे थे। भगत लाइन के पास पहुंचे तो दंपती ने जहर खा लिया। दोनों को गंभीर हालत में मेडिकल में भर्ती कराया गया, जहां निशा की मौत हो गई। रवि की हालत गंभीर बनी हुई है। युवती के परिजन अस्पताल पहुंचे और हंगामा हो गया। रात में ही उन्होंने लालकुर्ती थाने में पुलिस से शिकायत की।
यह भी पढ़ें: Murder: चीखते रहे परिजन, चाकू से वार करता रहा हिस्ट्रीशीटर, हत्या के बाद जातीय तनाव
परिजनों का आरोप है कि निशा को पानी में जहर देकर हत्या की गई है। इंस्पेक्टर लालकुर्ती अतर सिंह का कहना है कि पूरे प्रकरण की जांच की जा रही है। इसके बाद आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
यह भी पढ़ें: हत्या से गांव में मातम: घरों में नहीं जले चूल्हे, सदमे में पत्नी, मां बोलीं- बेटे की मौत का लूंगी बदला