-- नवरात्र शुरू होने के साथ ही अप्रैल में है शादियों के 12 शुभ मुहूर्त
-- 300 से अधिक होंगी शादियां, हर तरह का 50 करोड़ का कारोबार होने की आस
संवाद न्यूज एजेंसी
सहारनपुर। चैत्र नवरात्र के साथ ही शादियों का भी शुभ मुहूर्त शुरू हो रहा है। ऐसे में जिले भर में शहनाइयां गूंजेंगी और खूब बैंडबाजा बजेगा। शादियों का शुभ मुहूर्त से हर तरह के कारोबार में भी बढ़ावा होगा। इसको लेकर व्यापारियों में खुशी है। व्यापारियों का अनुमान है कि हर तरह का 50 करोड़ से अधिक का कारोबार होगा।
इस बार दो अप्रैल को पहला चैत्र नवरात्र है। इसके साथ ही शादियों के शुभ मुहूर्त भी शुरू हो रहे हैं। ब्रह्मपुरी कॉलोनी स्थित श्री बगलामुखी मंदिर के अधिष्ठाता रोहित वशिष्ठ ने बताया कि अप्रैल में शादियों के 12 शुभ मुहूर्त हैं। इनकी तारीखें 1, 15, 18, 19, 20, 21, 22, 23, 24, 27, 28 और 29 अप्रैल भी है। यह शुभ मुहूर्त देव उठनी एकादशी तक रहेगा। ऐसे में जिले भर में 300 से अधिक शादियों के होने का अनुमान है।
-----------------
कोरोना काल के बाद काफी उम्मीदें
बीते दो वर्ष कोरोना काल में बीत गए। ऐसे में शादियों के भी सूक्ष्म कार्यक्रम हुए। यहां तक लोगों ने निर्धारित संख्या में मेहमान बुलाकर घरों में शादियां आयोजित की, लेकिन अब एक अप्रैल से कोरोना की सभी बंदिशें हट जाएंगी। ऐसे में कारोबार बढ़ेगा। नेहरू मार्केट के व्यापारी नेता रवि जुनेजा का कहना है कि नवरात्र और शादियों के शुभ मुहूर्त में जिले भर में हर तरह का 50 करोड़ का कारोबार होने का अनुमान है।
--------------
बढ़ेगा होटल व कैटरिंग का कारोबार
जीपीओ रोड स्थित होटल के स्वामी सरदार चिराग सिंह ने बताया कि अप्रैल में शुरू हो रहे शादियों के मुहूर्त से काफी उम्मीदें हैं। अभी कुछ बुकिंग ही मिली हैं। वहीं, गोविंदनगर के कैटर्स व हलवाई सुधीर सैनी का कहना है कि कैटरिंग के आर्डर मिले हैं। उम्मीद है कि इस बार कारोबार अच्छा रहेगा। वहीं, गांधी कॉलोनी के पानी कारोबारी राघव कौशिक का कहना है कि गर्मी बढ़ने के साथ ही शादियों के शुभ मुहूर्त होने की वजह से कारोबार बढ़ेगा। शादियों में पानी के लिए ग्राहकों ने एडवांस बुकिंग भी कराई है। बंद बोतल के पानी के कारोबार में तेजी आएगी।
-------------
बैंडबाजा और डीजे व्यापार बढ़ने की आशा
कोर्ट रोड स्थित एक बैंड के स्वामी अब्दुल गफ्फार का कहना है कि एडवांस बुकिंग मिल रही है। कोरोना काल के बाद इस बार बैंड का कारोबार बेहतर होने की उम्मीद है। वहीं, डीजे संचालक दीपक सेठी का कहना है कुछ बुकिंग मिली हैं।
---------------
बढ़ेगा सराफा, कपड़ा और ऑटो मोबाइल का कारोबार
नवरात्र और शादियों के शुभ मुहूर्त के साथ ही सराफा कारोबार बढ़ने की आस है। सराफा बाजार के कारोबारी राम राजीव सिंघल का कहना है कि लोग जेवरात के संबंध में पूछताछ करने बाजार में आ रहे हैं। शादियों के लिए भी आर्डर पर जेवरात तैयार कराए जा रहे हैं। वहीं, लिंक रोड के कपड़ा कारोबारी अमन गुप्ता का कहना है कि कोरोना काल के बाद इस कारोबार पिछले वर्षों के मुकाबले बढ़ेगा।
वहीं, दिल्ली रोड के ऑटोमोबाइल कारोबारी अजय वर्मा व निपुण जैन का कहना है कि शादियों और नवरात्र के लिए दुपहिया व चौपहिया वाहनों की एडवांस बुकिंग हो चुकी है। जिले में बुधवार की शाम तक 45 कारों और 1208 दुपहिया वाहनों की बुकिंग हुई है।