गंगा की रेती में बस गया तंबुओं का शहर
बिजनौर। गंगा की रेती में तंबुओं का शहर बसने लगा है। गंगा स्नान मेले को भव्य बनाने के लिए तैयारियां अंतिम दौर में हैं। तैयारियों का जायजा लेने के लिए जिला पंचायत अध्यक्ष, डीएम और एसपी ने निरीक्षण किया। जिन्होंने मेला आयोजन की कार्ययोजना को लेकर दिशा निर्देश जारी किए।
शनिवार को जिला पंचायत अध्यक्ष साकेंद्र प्रताप सिंह, डीएम उमेश मिश्रा और पुलिस अधीक्षक डॉ. धर्मवीर सिंह ने गंगा स्नान मेला स्थल का निरीक्षण किया। सभी विभागों के अधिकारी भी मौजूद रहे। अफसरों ने गंगा घाट, सड़क, शौचालय, पानी की व्यवस्था, बिजली और सुरक्षा को लेकर विचार विमर्श कर दिशा निर्देश दिए। ढाई किलोमीटर की परिधि में इस बार मेला लगने जा रहा है। तैयारियां अंतिम दौर मेें हैं। इस बार 800 शौचालय बनाए जा रहे हैं और पेयजल की आपूर्ति भी ओवर हैड टैंक से की जाएगी। दो रास्तों से मेला स्थल को जोड़ा जा रहा है। चांदपुर की ओर से आने वाले श्रद्धालु दारानगर गंज से आ जा सकेंगे, जबकि बिजनौर की तरफ से जाने वाले लोग विदुरकुटी से मेले में पहुंच जाएंगे। जाम से बचने के लिए दो तरफ से रास्ते बनाए जा रहे हैं।
सेक्टर में बांटकर होंगे सुरक्षा इंतजाम
इस बार मेले में भीड़ ज्यादा आने की संभावना है। जिसे लेकर सुरक्षा इंतजाम पर ज्यादा फोकस रहेगा। ड्रोन और सीसीटीवी कैमरे से निगरानी होगी। मेले में बनाए गए थाने में कंट्रोल रूम बनेगा। वहीं सेक्टर में बांटकर पुलिस और पीएसी की तैनाती की जाएगी।
सांस्कृतिक कार्यक्रम पर रहेगा जोर
वहीं इस बार सांस्कृतिक कार्यक्रम भी मेले की भव्यता में चार चांद लगाएंगे। साथ ही गायक भी बुलाए जाने का कार्यक्रम है।एक अनुमान के तौर पर सांस्कृतिक कार्यक्रमों पर ही दस लाख रुपये खर्च होने का अनुमान है।
बढ़ गया मेला स्थल का दायरा
तैयारियों के बीच ही गंगा की धार 250 मीटर पीछे खिसक गई है, जिससे यह क्षेत्रफल भी मेले में शामिल हो गया है। अभी तक ढाई किलोमीटर परिधि के दायरे में तैयारी चल रही थी। अब यह तीन किलोमीटर की परिधि से भी ज्यादा हो गया है।
16 को होगा उद्घाटन
16 नवंबर को पंचायती राज मंत्री चौधरी भूपेंद्र सिंह और जिला पंचायत अध्यक्ष चौधरी साकेंद्र प्रताप सिंह उद्घाटन करेंगे। वहीं सदर विधायक सुची मौसम चौधरी, धामपुर विधायक अशोक राणा, विधायक सुशांत सिंह, विधायक ओमकुमार, विधायक कमलेश सैनी बतौर अतिथि शामिल होंगे। डीएम उमेश मिश्रा और एसपी डा. धर्मवीर सिंह विशिष्ट अतिथि रहेंगे। उद्घाटन कार्यक्रम में संरक्षक की जिम्मेदारी जिलाध्यक्ष सुभाष वाल्मीकि को दी गई है।
जिनौर में विदुर कुटी के सामने लगने वाले गंगा स्नान मेले की तैयारी देखते अधिकारी- फोटो : BIJNOR