तीन दिन से लापता खिवाई के युवक का शव जंगल में मिला, मुंह पर मिले खून के धब्बे
सरूरपुर। फेरी लगाकर कपड़ा बेचने का काम करने वाले कस्बा खिवाई निवासी एक युवक का शव शनिवार को खेड़ीकला के संपर्क मार्ग पर खेत में पड़ा मिला। उसके मुंह पर खून के धब्बे मिले हैं। हत्या के कारणों का अभी पता नहीं चल सका है। मृतक तीन दिन पूर्व घर से कलियर गांव के जाने के लिए निकला था। पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मृतक के भाई ने अज्ञात के खिलाफ हत्या की रिपोर्ट दर्ज कराई है। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।
शनिवार सुबह कस्बा खिवाई और गांव खेड़ीकलां के संपर्क मार्ग पर कुछ लोगों ने जंगल में गन्ने के खेत में एक युवक का शव पड़ा देखा। कस्बे के सैकड़ों लोग घटनास्थल पर पहुंच गए। सूचना पर पुलिस भी मौके पर पहुंची। शव की शिनाख्त खिवाई निवासी आजाद पुत्र महबूब (25) के रूप में की गई।
परिजनों ने बताया कि आजाद फेरी लगाकर कपड़ा बेचता था। आजाद 20 अक्तूबर को गांव कलियर जाने के लिए घर से निकला था। उसी दिन से परिजन उसके फोन पर संपर्क करते रहे, लेकिन उसका फोन बंद आता रहा। तलाशी में आजाद की जेब में 9800 रुपये मिले, लेकिन उसका मोबाइल गायब था। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। आजाद की मौत से परिजनों में मातम छा गया। मृतक अपने आठ भाइयों में सबसे छोटा था। भाई ताज मोहम्मद ने थाने में आजाद की हत्या की आशंका जताते हुए अज्ञात के खिलाफ तहरीर दी है। मृतक का सीना लाल रंग का पड़ गया था और उसके मुंह व नाक से खून निकला हुआ था।
थाना प्रभारी दिनेश प्रताप सिंह का कहना है कि प्रथम दृष्टया मामले की जांच हत्या मानकर की जा रही है। जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर अग्रिम कार्रवाई की जाएगी।