मवाना। बिलाल मस्जिद में मिले 10 विदेशी जमातियों और उनके तीन दूभाषियों द्वारा दो-दो जमानती पेश नहीं करने पर पुलिस ने मेरठ स्थित कोर्ट में पेश किया। वहां से जमातियों को सर छोटूराम इंजीनियरिंग कॉलेज में बनाई गई अस्थायी जेल भेज दिया।
उल्लेखनीय है कि पुलिस व स्वास्थ्य विभाग की टीम ने खुफिया विभाग की सूचना पर 29 मार्च की शाम मोहल्ला हीरालाल बिलाल मस्जिद में रुके 10 विदेशी जमाती तथा तीन दूभाषियों को पकड़ा था। इनमें पांच सूड़ान, 4 जिबूति तथा एक केन्या का है। शुक्रवार देर रात पुलिस ने इन सभी को 41 का नोटिस तामिल कराया था। जिसमें इनको जानकारी दी गई थी कि इनके खिलाफ रिपोर्ट दर्ज है। उसमें सहयोग करेंगे। दो जमानती कल तक पेश करेंगे। जमानती पेश नहीं करने की स्थिति में सक्षम न्यायालय में मजिस्ट्रेट के समक्ष इनको पेश किया जाएगा। थाना प्रभारी राजेंद्र त्यागी ने बताया कि नोटिस के अनुसार उक्त 13 लोग जमानती पेश नहीं कर सके। जिस पर इन सभी का सीएचसी में मेडिकल कराकर न्यायालय में पेश करने के लिए भेजा जा रहा है। न्यायालय भेजे गए जमातियों में सूडान के मो. इब्राहिम उस्मान इबिहारी, अलमलिह हमदनलील इमालिह, अहमद खालिद हमीद हसन, मो. अहमद बबीकेर अहमद, मुसा इलाहदी अबदिलरहमान रहमा, जिबूति निवासी मो. हुसैन मौहमेद, अहमद अबदऊ मोहम्मद, दिनि दाउद मोहम्मद, अब्दुल कादीर मुसा हुमैद, जबकि केन्या निवासी अली हसन जैदी, इनके साथ दूभाषिए मो. मनव्वर इमाम कटियार बिहार, अब्दुल सत्तार नांदेड महाराष्ट्र, काजी इमरान नंदियार आंध्रप्रदेश हैं।