एचटी लाइन की चपेट में आने से किशोरी की मौत, लोगों ने किया हंगामा
मवाना। भैंसा रोड पर मधुबन गार्डन कॉलोनी में पड़ोसी की छत के पास से गुजर रही हाईटेंशन लाइन की चपेट में आकर किशोरी की मौत हो गई। परिजनों तथा आसपास के लोगों ने मकानों के ऊपर से गुजर रही लाइन को लेकर हंगामा किया। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
भैंसा रोड मधुबन गार्डन कॉलोनी निवासी इलियास पुत्र वहीद ने तहरीर में बताया कि बृहस्पतिवार दोपहर करीब 12.30 बजे उसकी बेटी आयशा (12) पड़ोसी समीर के मकान की छत पर खेल रही थी। अचानक बिजली के तारों की चपेट में आ गई। करंट लगने से उसकी मौत हो गई।
दुर्घटना के बाद परिजनों तथा आसपास के लोगों ने बिजली निगम के खिलाफ हंगामा किया। कॉलोनी के लोगों का कहना था कि मकान के ऊपर से लाइन गुजर रही है। कई बार लाइन हटाने को कह चुके हैं। लेकिन कोई सुनवाई नहीं हो रही है। पुलिस ने हंगामा कर रहे लोगों को आश्वासन देकर मामला शांत किया। पीड़ित इलियास ने कहा कि बेटी की मौत में किसी का कोई दोष नहीं है। पीड़ित ने सरकारी आकस्मिक दुर्घटना योजना से लाभ दिलाने की मांग की है।