स्विमिंग पूल में डूबकर किशोर की मौत
- फोटो : अमर उजाला
मेरठ के लिसाड़ीगेट में 25 हजारी कुख्यात नजाकत उर्फ पप्पू के स्विमिंग पूल में मंगलवार को एक किशोर की डूबने से मौत हो गई। किशोर अपने तीन दोस्तों के साथ स्नान करने गया था। किशोरों ने शोर मचाया, लेकिन उसको बचाने के लिए कोई नहीं आया। पुलिस का कहना है कि स्विमिंग पूल में ट्रेनर नहीं था, उसके मानक भी अधूरे है। घटना की जानकारी लगते ही परिजनों में कोहराम मच गया। परिजनों ने नाराजगी जताई, लेकिन रिपोर्ट दर्ज कराने से इंकार कर दिया।
रेलवे रोड थानाक्षेत्र के महताब निवासी नासिर का बेटा कासिफ (15) अपने तीन दोस्त शुऐब, साकिब और जकिया के साथ दोपहर को लिसाड़ी रोड स्थित डालफिन स्विमिंग पूल में गया था। दोपहर करीब तीन बजे थे। तभी कासिफ स्विमिंग में डूब गया। दोस्त चिल्लाए और उसको बचाने का प्रयास किया, लेकिन सफलता नहीं मिली। जैस तैसे कर दोस्तों ने कासिफ को निकाला और बागपत रोड स्थित केएमसी हॉस्पिटल में भर्ती किया। डॉक्टरों ने कासिफ को मृत घोषित किया तो दोस्त वहां से फरार हो गए।
पढ़ें : मौत की 'सेल्फी' से परिवार में मचा कोहराम, दोस्तों के साथ गया था घूमने
इसकी जानकारी लगने पर कासिफ के परिजन अस्पताल पहुंचे और शव को अपने घर ले आए। कुख्यात के स्विमिंग पूल में किशोर के मरने की जानकारी लगते ही लिसाड़ीगेट पुलिस मौके पर पहुंची। स्विमिंग पूल बंद था और वहां ताला लगा हुआ था। पुलिस ने स्विमिंग पूल चलाने वाले का पता लगाकर उसको बुलाया, लेकिन वह नहीं आया। इंस्पेक्टर लिसाड़ीगेट मोहम्मद असलम का कहना है कि कासिफ के परिजनों से संपर्क किया था। लेकिन उन्होंने पोस्टमार्टम कराने से इंकार कर दिया। पुलिस अपने स्तर से जांच कर कार्रवाई करेगी।
शहर से लेकर देश तक की ताजा खबरें व वीडियो देखने लिए हमारे इस फेसबुक पेज को लाइक करें
https://www.facebook.com/AuNewsMeerut/