घर के बाहर खड़ी युवती से छेड़छाड़
मेरठ। टीपीनगर थाना क्षेत्र में घर के बाहर खड़ी युवती से मनचले ने छेड़छाड़ कर दी। लेटर देने का प्रयास किया तो युवती ने विरोध कर दिया। आरोप है कि पिता ने जब इसका विरोध जताया तो मनचले ने अपने दोस्त बुलाकर उनके साथ मारपीट कर दी। पिता की ओर से थाने में तहरीर दी गई है। पुलिस जांच कर रही है।
थाना क्षेत्र के एक मोहल्ले में रहने वाली युवती को काफी समय से एक युवक परेशान करता आ रहा था। युवती ने अपने पिता से शिकायत की तो वह आरोपी के घर पहुंच गये। तब आरोपी के पिता ने मांफी मांगकर मामले को शांत करा दिया। रविवार को युवती अपने घर के बाहर खड़ी थी। आरोप है कि वह युवक पहुंच गया और युवती से बात करने की कोशिश करने लगा।
युवती के नजरअंदाज करने पर वह लेटर पकड़ाने का प्रयास करने लगा। तभी युवती ने शोर मचा दिया। शोर सुनकर परिवार के लोग बाहर आ गये। पिता ने विरोध जताया तो आरोपी युवक ने अपने कुछ साथियों को फोन कर वहां बुला लिया। बताया जाता है कि इन युवकों ने युवती के पिता के साथ जमकर मारपीट की, जिसमें वह चोटिल हो गए । वारदात को अंजाम देकर आरोपी फरार हो गये। घायल पिता अपनी शिकायत लेकर थाने आ गया और आरोपी को नामजद करते हुए तहरीर दे दी। एसएसआई का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है।