सरधना। प्राथमिक शिक्षकों ने त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव में बीएलओ ड्यूटी के विरोध में तहसील में ज्
- एसडीएम को सौंपा ज्ञापन, मूल कार्य अध्यापन में लौटने का लिया निर्णय
सरधना। त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव 2026 के अंतर्गत तहसील के ब्लॉक दौराला स्थित परिषदीय विद्यालयों में कार्यरत अधिकांश अध्यापकों की ड्यूटी बीएलओ एवं सुपरवाइजर के रूप में लगाए जाने पर शिक्षकों ने आपत्ति जताई है।
उत्तर प्रदेशीय प्राथमिक शिक्षक संघ के जिला संगठन ने इस पर संज्ञान लेते हुए कहा कि इस निर्णय से विद्यालयों में नियमित शिक्षण कार्य बुरी तरह प्रभावित हो रहा है। संघ ने स्पष्ट किया कि शिक्षक अब अपने मूल कार्य अध्यापन पर ही ध्यान देंगे। बीएलओ और सुपरवाइजर की ड्यूटी का बहिष्कार करेंगे। संघ ने इस संबंध में उपजिलाधिकारी एवं मुख्य विकास अधिकारी को ज्ञापन सौंपकर अपनी आपत्ति दर्ज कराई। शिक्षकों को शिक्षण कार्य से इतर ड्यूटी में लगाए जाने को अनुचित बताया।
शिक्षक संघ का कहना है कि पहले ही विद्यालयों में शिक्षकों की संख्या सीमित है। इस प्रकार की ड्यूटी से विद्यार्थियों की पढ़ाई प्रभावित होना स्वाभाविक है। संगठन ने प्रशासन से मांग की है कि शिक्षकों को चुनाव संबंधी ड्यूटी से मुक्त कर केवल शैक्षणिक कार्यों में ही लगाए जाने का निर्देश जारी किया जाए। इस दौरान प्रदीप पुनिया, पम्पोस कुमार, शरद चौहान, वीरेंद्र सिंह, गौरव कुमार, शरद सोम, गौरव शर्मा, राजीव गोस्वामी, अमित, संजीव विश्नोई, दिनेश, सतीश शामिल रहे।