महिला को तमंचा दिखाकर नकदी, जेवरात लूटे
मेरठ। लिसाड़ी गेट थाना क्षेत्र के फिरोज नगर निवासी स्क्रैप कारोबारी समीर के घर में घुसकर चार नकाबपोश बदमाशों ने महिला पर तमंचा तानकर नकदी और जेवरात लूट लिए। बाद में आरोपी फरार हो गए। वहीं, नमाज पढ़कर घर लौटे स्क्रैप कारोबारी ने पुलिस को वारदात की जानकारी दी।
फिरोजनगर निवासी समीर मलिक स्क्रैप कारोबारी हैं। सोमवार रात सगीर नमाज पढ़ने के लिए गए थे। सगीर की पत्नी रिहाना घर में अकेली थी। तभी चार नकाबपोश बदमाश घर में घुस गए। आरोप है कि बदमाशों ने रिहाना के साथ मारपीट की और तमंचा तानते हुए उससे अलमारी की चाबी ली। उन्होंने अलमारी में रखें 11 हजार रुपये और लाखों रुपये के जेवरात लूट लिए।
रिहाना का आरोप है कि बदमाश जाते समय जमीन के कागजात भी मांग रहे थे। इस दौरान महिला ने शोर मचाने का प्रयास किया तो आरोपियों ने महिला को एक कमरे में बंद कर दिया और चले गए। स्क्रैप कारोबारी लौटे तो उन्हें घटना का पता चला।
सूचना पर पुलिस पहुंची। पुलिस ने आसपास सीसीटीवी कैमरों की तलाश की। इंस्पेक्टर लिसाड़ी गेट राम संजीवन ने बताया कि सगीर की दो पत्नी हैं। एक पत्नी रेशमा दिल्ली की रहने वाली हैं। उसका सगीर से जमीन को लेकर विवाद चल रहा है।
कुछ दिन पूर्व रिहाना रेशमा के यहां से जमीन के कागजात ले आई थी। सोमवार रात रेशमा के परिजन जमीन के कागजात लेने के लिए रिहाना के घर पहुंचे थे। इस दौरान रिहाना ने बदमाशों द्वारा लूटपाट की सूचना दे दी। फिलहाल मामला संदिग्ध प्रतीत हो रहा है, जांच की जा रही है। अभी तक कोई तहरीर नहीं आई है तहरीर आने के बाद कार्यवाही की जाएगी।