सात जन्म साथ रहने की खाई कसम, नौकरी लगते ही भूला
मेरठ। प्रेम के नाम पर छली गई एक युवती शनिवार को पुलिस आफिस पर पहुंचकर रोने लगी। युवती का आरोप था कि जिस युवक ने सात जन्म साथ बिताने का वादा किया था, वह नौकरी लगते ही उसे भूल गया। शादी की बात करने पर उसकी अश्लील वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल करने की धमकी दे रहा है।
अफसरों ने युवती को उचित कार्रवाई का भरोसा दिलाया है। खरखौदा थाना क्षेत्र की रहने वाली युवती ने बताया कि वह प्राइवेट स्कूल में शिक्षिका है। आठ साल पहले उसकी एक युवक से दोस्ती हो गई। वह एक-दूसरे से मिलने लगे। आरोप है कि शादी का झांसा देकर युवक उससे संबंध बनाता रहा है। एक दिन उसने उसका अश्लील वीडियो भी बना लिया। युवती ने बताया कि कुछ दिन पहले युवक की नौकरी लग गई। इसके बाद से ही उसने दूरी बनानी शुरू कर दी। तीन दिन पहले उसने शादी से इनकार कर दिया। उसने न्याय दिलाने की गुहार लगाई।