दो दिन बाद घुमे बस व ट्रकों के पहिये, पेट्रोल पंपों पर अब भी कतार
नए सड़क कानून पर सहमति बनने के बाद चालक काम पर लौट आए हैं। जिसके चलते सहारनपुर में दो दिन बाद बस और ट्रकों का संचालन शुरू हो गया। हालांकि, पेट्रोल पंपों पर वाहनों की लंबी कतार देखने को मिली।
केंद्र सरकार की ओर से लाए गए नए सड़क कानून के विरोध में चालकों ने हड़ताल कर दी थी। जिलेभर में सोमवार और मंगलवार को रोडवेज बस, निजी बस, ट्रक व ऑटो का संचालन नहीं हुआ था। रोडवेज बसें वर्कशॉप से बाहर नहीं निकल पाई थी, जो निकली वह बस अड्डे पर ही खड़ी रही थी। मंगलवार को हालात और अधिक खराब हुए। पेट्रोल और गैस की गाड़ियां नहीं आई। सब्जियों के दाम भी बढ़ गए। पेट्रोल पंपों पर तेल खत्म हो गया था।
मंगलवार की देर रात नए कानून पर सहमति बनी तो चालकों की हड़ताल खत्म हो गई। बुधवार से बस और ट्रकों का संचालन हो गया। बस अड्डे से बसें रवाना हुई तो लोगों को राहत मिली। लेकिन, हड़ताल का असर यह है कि अभी भी महानगर के कई पेट्रोल पंपों पर वाहनों में तेल डलवाने के लिए लंबी लाइन लगी हुई है।
शामली में दो दिन तक चली हड़ताल के बाद बस और ट्रक चालक तीसरे दिन काम पर लौटने लगे पेट्रोल पंपों पर सुबह के समय पेट्रोल खत्म होने पर लोग परेशान रहे।