स्टैग इंटरनेशनल के मालिक का बेटा 16 करोड़ की ठगी में फंसा
मेरठ। शहर की नामी खेल कंपनी स्टैग इंटरनेशनल के मालिक राकेश कोहली के बेटे प्रणव कोहली 16.65 करोड़ की ठगी के मामले में फंस गए हैं। प्रणव के खिलाफ उनकी पत्नी विनीता कोहली और मां मोनिका ने ही मेडिकल थाने में एफआईआर दर्ज कराई है। पुलिस ने पड़ताल शुरू कर दी है।
राकेश कोहली की पत्नी मोनिका और पुत्रवधू विनीता स्टैग स्पोर्ट्स सोल्यूशन प्राइवेट लिमिटेड की निदेशक हैं। विनीता कोहली ने एडीजी जोन राजीव सभरवाल को प्रार्थना पत्र देकर बताया है कि उनकी कंपनी खिलाड़ियों को प्रोत्साहित करने के लिए खेल सामग्री तैयार करती है। इनके खेल के सामान की सप्लाई विदेश में भी होती है। विनीता कोहली ने तहरीर में देते हुए आरोप लगाया है कि बांबे बाजार निवासी प्रणव कोहली ने प्रस्ताव दिया कि हांगकांग की एक पार्टी कोरोना टेस्टिंग किट, ऑक्सीजन कंसंट्रेटर, मास्क आदि बेचना चाहती है। प्रणव से माल डिलीवर करा दिया। इसके बाद प्रणव ने कहा कि वह कुछ जानकारों से सस्ते रेट में माल दिला सकता है। आरोप है कि इसके लिए प्रणव सात कंपनियों के खातों में स्टैग स्पोर्ट्स सोल्यूशन प्राइवेट लिमिटेड से 16.65 करोड़ रुपये डलवाए, लेकिन माल की डिलीवरी नहीं हुई।
सुसाइड नोट छोड़ फरार हुआ प्रणव
प्रणव कोहली की मां मोनिका और पत्नी विनीता ने बताया शुरुआत में उन्हें डील पर विश्वास हो गया। आरोप है कि प्रणव ने उनकी कंपनी से 16.65 करोड़ रुपये भुगतान कर दिया। उसने कंपनी की हस्ताक्षरयुक्त चेकबुक भी चुरा ली। इससे भी पैसे निकाले गए। जिन कंपनियों ने प्रणव ने 16.65 करोड़ की डील कराई थी उनमें से कई कंपनियां फर्जी हैं तो कई बंद हो चुकी हैं। आरोप है कि 19 अक्तूबर को प्रणव घर पर सुसाइड नोट छोड़कर लापता हो गया। इस सुसाइड नोट में लिखा है कि 15 करोड़ का नुकसान हो गया है, मैं सुसाइड करने जा रहा हूं। तहरीर के मुताबिक तलाशने पर प्रणव का पता चला तो उससे पता चला कि उसके साथ सभी सात कंपनियां धोखाधड़ी में शुरू से ही शामिल थीं। उधर मोनिका और विनीता ने पुलिस से गुहार लगाई है कि इस मामले में कार्रवाई की जाए।
स्टैग इंटरनेशनल के मालिक राकेश कोहली के परिवार का यह विवाद अब थाने में है। पुलिस को जो तहरीर दी गई है उसमें प्रणव कोहली का पता बांबे बाजार बताया गया है जबकि मोनिका और विनीता ने अपना पता मंगल पांडे नगर बताया है। उधर विवेचक संत शरण सिंह का कहना है कि इस मामले में जांच शुरू कर दी गई है।