लग्जरी गाड़ियों से चलने वाले पुलिसकर्मी गुरुवार को बाइक से पुलिस लाइन पहुंचे। यह नजारा देखकर पुलिस अधिकारी भी हैरान रह गए। आरआई ने पुलिसकर्मियों को दिनभर का चार्ट बताया। इनको स्पेशल 75 नाम दिया गया है।
पुलिस लाइन में भेजें 75 पुलिसकर्मियों की रोजाना निगरानी होगी। सुबह छह बजे से परेड, आईटी, पीटी, शस्त्र प्रशिक्षण, दंगा नियंत्रण, बीट पुलिसिंग, थाना अभिलेख, कानून व्यवस्था संबंधित जानकारी, सीसीटीएनएस, एफआईआर, फ्लैग मार्च और रात आठ बजे गणना होगी। इसकी फोटोग्राफी भी करानी है। पूरे दिन का चार्ट एसएसपी द्वारा जारी कर दिया है। लाइन हाजिर हुए 69 पुलिसकर्मियों ने सुबह 10 बजे से आमद दर्ज करानी शुरू की, जबकि छह पुलिसकर्मियों ने रात में आमद कराई। गणना में सभी 75 पुलिस वाले थे, लेकिन एक सिपाही पंकज की गर्दन में फ्रैक्चर के चलते छुट्टी पर चले गए।
अभी कई पर कार्रवाई बाकी
एसएसपी प्रभाकर चौधरी ने बुधवार को थानों में वर्षों से जमे 75 पुलिस वालों को लाइन हाजिर कर दिया था। अभी कई दागी पुलिस वाले बचे हुए हैं। जिनकी शिकायत एसएसपी के पास पहुंची है। बताया गया कि थाने के अलावा चौकियों में भी यही स्थिति है। उनके खिलाफ भी कार्रवाई की जानी है। इन पुलिसकर्मियों की जांच चल रही है।
लूट हुई तो थानेदार और सिपाही करेंगे परेड
शहर में मोबाइल, पर्स और चेन स्नैचिंग की घटना को लेकर एसएसपी ने नाराजगी जताई। उन्होंने कहा जिस थाना क्षेत्र में लूट की वारदात होगी, वह थाना इंचार्ज शुक्रवार की परेड में उपस्थित होंगे। थानेदार और चौकी इंचार्ज, बीट कांस्टेबल को लेकर परेड में आएंगे। एसएसपी प्रभाकर चौधरी ने गुरुवार को एक पत्र सभी थानेदारों को भेजा है। इसमें लिखा कि लूट की घटना लगातार बढ़ रही है। इसमें पुलिस की लापरवाही सामने आ रही है। उन्होंने कहा कि जिस थाना क्षेत्र में लूट की वारदात होगी वहां के चौकी इंचार्ज और थानेदार बीट कांस्टेबल को लेकर शुक्रवार की सुबह परेड में जरूर पहुंचे। वहीं पर पूछा जाएगा कि घटना कैसे हुई और बदमाशों को पकड़ने के लिए उन्होंने क्या इंतजाम किए। इसे लेकर अलग-अलग चर्चाएं हैं। एसएसपी के आदेश के बाद थानेदारों के साथ दरोगा और सिपाहियों में भी खलबली है।