मेरठ में दिल्ली-देहरादून हाईवे पर एसडीएम अस्पताल के सामने तेज रफ्तार ट्रक ने बाइक सवार चिकित्सक को कुचल दिया। हादसे में चिकित्सक की मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया। पुलिस ने फ्लाईओवर के पास से ट्रक को कब्जे में ले लिया है।
मुजफ्फरनगर के खतौली कस्बे के सद्दीकनगर निवासी डॉ. शमशाद (42 वर्ष) पुत्र यामीन मंगलवार को मेरठ में एक शादी समारोह में शामिल होने आए थे। शाम चार बजे बाइक पर सवार होकर वह खतौली लौट रहे थे। जैसे ही वह एनएच-58 पर मोदीपुरम में एसडीएस अस्पताल के सामने पहुंचे, तभी मेरठ की ओर से जा रहे ट्रक ने पीछे से बाइक में टक्कर मारते हुए उन्हें कुचल दिया। मौके पर ही उनकी मौत हो गई।
प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि ट्रक की गति तेज थी। पल्लवपुरम पुलिस मौके पर पहुंची और मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया। मृतक की जेब में मिले कागजों के आधार पर शिनाख्त हुई। परिजन मौके पर पहुंचे। मृतक के भाई मुरसलीन ने थाने पहुंचकर रिपोर्ट दर्ज कराई। मृतक खतौली में ही निजी क्लीनिक चलाते थे।