सपा नेता के कारखाने के ताले तोड़कर लाखों की चोरी
मेरठ। लिसाड़ी गेट क्षेत्र के शालीमार गार्डन स्थित सपा नेता युसुफ पहलवान के ट्रैक्टर पार्ट्स के कारखाने के ताले तोड़कर चोर लाखों रुपये का सामान चोरी कर ले गए। तहरीर मिलने के बाद पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।
मेवगढ़ी निवासी यूसुफ पहलवान का शालीमार गार्डन स्थित गली नंबर 5 में ट्रैक्टर के पार्ट्स बनाने का कारखाना है। मंगलवार रात युसूफ पहलवान कारखाने का ताला लगाकर अपने घर चला गया था।
बुधवार सुबह कारखाने के ताले टूटे देखकर श्यामनगर व्यापार संघ के कार्यकर्ता सलीम चौहान ने जानकारी दी। कारखाने पर पहुंचे युसूफ ने बताया कि चोर करीब तीन लाख रुपये की कीमत के पार्ट्स और उन्हें बनाने की मशीनें चोरी कर ले गए। वहीं, सलीम चौहान ने बताया कि क्षेत्र में चोरी की घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं। दो दिन पूर्व भी एक बंद मकान से नकदी, जेवरात सहित लाखों की चोरी की गई।