मेरठ-बुलंदशहर हाईवे पर मिट्टी का कटान
खरखौदा। मेरठ-बुलंदशहर (राष्ट्रीय राजमार्ग संख्या 334) हाईवे पर सड़क किनारे जगह-जगह मिट्टी का कटान हो रहा है। इससे सड़क धंसने की आशंका बनी हुई है। सड़क का निर्माण हुए अभी एक साल ही हुआ है। लोगों का कहना है कि सड़क निर्माण के दौरान गुणवत्ता का ख्याल नहीं रखा गया।
राष्ट्रीय राजमार्ग पर सड़क का पानी निकलने की कोई व्यवस्था नहीं है। ऐसे में बारिश होते ही सड़क किनारे मिट्टी का कटान होने लगता है। क्षेत्र में पिछले एक सप्ताह से लगातार बारिश हो रही है। इससे राष्ट्रीय राजमार्ग पर कई स्थानों पर मिट्टी का भारी कटान हुआ है। राजमार्ग पर सुरक्षा के लिए लगाए गए लोहे के गार्ड भी हवा में झूल रहे हैं। फफूंडा बाईपास पर तो ऊंचाई अधिक होने के कारण 10-10 मीटर गहरा कटान हो गया है।
कैली बाईपास पर हापुड़ जाने वाले वाहनों को फ्लाईओवर के बगल से सर्विस रोड से निकाला जाता है। इस सर्विस रोड पर कई जगहों पर मिट्टी का कटान हुआ है। कई स्थानों पर सड़क में दरार भी आ चुकी है। निर्माण कंपनी ने अपनी गलती छिपाने के लिए फ्लाईओवर पर सड़क के दोनों ओर सीमेंट से एक एक ईंट लगाई है, जिससे सड़क का पानी किनारों पर ना जाकर आर-पार चलता रहे।
खेतों में जा रही मिट्टी
बरसात से हो रहे मिट्टी कटान के कारण पानी के साथ मिट्टी भी सड़क किनारे किसानों के खेतों में जा रही है। किसानों का आरोप है कि इस मामले में कई बार एनएचआई से शिकायत की है, लेकिन समस्या का समाधान नहीं किया जा रहा है।
क्षेत्र में बरसात हुई है, मिट्टी का कटान भी हुआ होगा। राजमार्ग की देखरेख कर रही कंपनी से जल्द ही कटान को ठीक कराने के लिए कहा जाएगा। -जेई राहुल कुमार, एनएचएआई मेरठ।