एटीएम से छह बैटरी चोरी, सीसीटीवी में चोर कैद
मेरठ। ब्रह्मपुरी थाना क्षेत्र के माधवपुरम स्थित एटीएम से बदमाश दिन दहाड़े छह बैटरे चोरी कर ले गए। चोर सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गए हैं। वारदात के चार दिन बाद भी पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज नहीं की है। बैटरियों की कीमत करीब 70 हजार रुपये बताई गई है। माधवपुरम निवासी अरविंद कुमार गुप्ता ने माधवपुरम में दुकान किराए पर लेकर इंडिया वन एटीएम लगाया है। 11 अगस्त की सुबह बदमाशों ने एटीएम में चोरी की वारदात की और वहां से छह बैटरी चोरी कर फरार हो गए।
सूचना के बाद पुलिस पहुंची और पड़ताल की। अरविंद गुप्ता ने कंपनी के हेड ऑफिस में संपर्क किया और एटीएम में लगी सीसीटीवी कैमरे की फुटेज मंगा ली। फुटेज में दो बदमाश एटीएम में घुसते साफ दिख रहे हैं। इसके बाद कैमरे के तार कट जाने की वजह से कैमरा बंद हो जाता है। अरविंद ने बताया कि वह पिछले कई दिन से थाने के चक्कर लगा रहे हैं, लेकिन पुलिस जांच की बात कहकर उन्हें टरकाती आ रही है। उन्होंने शनिवार को थाने पहुंचकर तहरीर पुलिस को दी है। रविवार को रिपोर्ट दर्ज करने का भरोसा दिलाया गया है। इंस्पेक्टर ने जांच की बात कही है।