सरधना में रुपयों के लेनदेन में चौकी के पास चले धारदार हथियार
सरधना। दौराला रोड पर पुलिस चौकी बस स्टैंड के निकट बृहस्पतिवार को एक व्यापारी और सभासद पक्ष के बीच भैंसों की बिक्री के रुपयों के लेनदेन को लेकर कहासुनी हो गई। मारपीट के बाद दोनों के बीच चाकू-छुरे तक चल गए। दोनों पक्षों ने थाने में एक-दूसरे के खिलाफ तहरीर दी है।
दौराला रोड निवासी प्रतीक पुत्र प्रमोद व्यापारी है। उसने दी तहरीर में बताया कि मोहल्ला सराय भटियारी निवासी पालिका सभासद रहीसुद्दीन उर्फ मुन्ना ने उससे डेढ़ वर्ष पूर्व छह भैंसें तीन लाख 24 हजार रुपये में खरीदी थी। जिसके डेढ़ लाख रुपये दे दिए, लेकिन शेष एक लाख 74 हजार रुपये अभी बाकी हैं। रहीसुद्दीन पक्ष से बृहस्पतिवार को रुपयों का तकादा किया गया, जिस उन्होंने प्रतीक के घर पर आकर धारदार हथियारों के साथ जानलेवा हमला बोल दिया और उसे छुरा मारकर घायल कर दिया।
उधर, रहीसुद्दीन का आरोप है कि वह बृहस्पतिवार दोपहर गंगनहर पुल की तरफ से आ रहा था। उसकी बाइक रोक कर उस पर जानलेवा हमला किया गया। उसकी जेब से एक लाख रुपये भी निकाल लिए। बताया कि प्रतीक की भैंसों का कोई रुपया उस पर बकाया नहीं है। पुलिस ने दोनों पक्षों की तहरीर पर जांच शुरू कर दी है। समाचार लिखे जाने तक मामले में रिपोर्ट दर्ज नहीं हो सकी थी।