एक्यूआई में आई कमी
मेरठ में पिछले कुछ दिनों से 400 से ऊपर चल रहा एक्यूआई शुक्रवार को 4-6 किमी प्रति घंटा की रफ्तार से चली हवा से 330 पर रहा। हालांकि यह अभी भी बहुत बुरी स्थिति में है। बढ़ते एक्यूआई को देखते हुए ग्रैप सिस्टम लागू किया गया था।
कुछ दिन तक तो सभी विभागों ने इस पर अमल किया, लेकिन दिवाली बाद एक्यूआई में गिरावट दर्ज होने से सभी विभागों ने इस पर अमल करना छोड़ दिया था। प्रदूषण बढ़ने और सरकारी इंतजाम फेल होने पर लोगों को मौसम का सहारा मिला।
मवाना रोड पर रोजाना जलाया जा रहा कूड़ा
मवाना रोड पर यशोदा कुंज कॉलोनी के सामने रोजाना कूड़ा जलाया जा रहा है। कॉलोनी के गेट के सामने निजी सफाई कर्मी कूड़े का ढेर लगाकर आग लगा देते हैं। शुक्रवार को दोपहर 12 बजे से शाम तक कूड़ा जलाने से पूरे क्षेत्र में धुआं फैल गया। स्थानीय लोगों व राहगीरों को सांस लेने में दिक्कत रही तो मवाना रोड पर हादसे की आशंका बनी रही।
शीतलहर के साथ बढ़ी ठिठुरन
शीतलहर चलने से शुक्रवार को दिन का तापमान दो डिग्री गिर गया, जबकि रात का तापमान एक डिग्री बढ़ गया। मौसम विशेषज्ञ के अनुसार पहाड़ों पर बर्फबारी से मैदानी इलाकों में फिर से मौसम बदला है। जल्द बारिश के आसार हैं।
शनिवार सुबह घना कोहरा छाया रहा। कोहरा छंटने के बाद धूप खिली, लेकिन शीतलहर चलने से ठिठुरन बनी रही। अधिकतम तापमान 21.0 डिग्री सेल्सियस व न्यूनतम तापमान 06.4 डिग्री सेल्सियस बना हुआ है।