साई सेंटर के लिए 200 एकड़ जमीन को सेना की ना
शहर में स्पोर्ट्स अथॉरिटी ऑफ इंडिया (साई) सेंटर बनाने के लिए 200 एकड़ जमीन देने से सेना ने इनकार कर दिया है। सैन्य अधिकारियों ने कहा कि ऐसी कोई जमीन उपलब्ध नहीं है जिसे दिया जा सके। इसके लिए रक्षा संपदा अधिकारी को कहा गया है।
रक्षा संपदा अधिकारी अपने अधिकार क्षेत्र वाले इलाकों में जमीन की उपलब्धता का अध्ययन कर अगली मीटिंग में बात रखेंगे। बैठक में स्टेशन कमांडर ब्रिगेडियर अर्जुन सिंह राठौर, कमिश्नर सुरेंद्र सिंह, रक्षा संपदा अधिकारी हरेंद्र सिंह, कैंट बोर्ड सीईओ नवेंद्र नाथ, डीएम के.बालाजी, नगरायुक्त मनीष बंसल, एसएसपी प्रभाकर चौधरी, एडीएम सिटी अजय तिवारी, एमडीए सचिव चंद्रपाल तिवारी आदि मौजूद रहे।
मॉल रोड पर चेकपोस्ट, कैंट में बेवजह निकले तो कार्रवाई
कैंट में बेवजह घूमने वाले संदिग्ध लोगों पर सेना कार्रवाई करेगी। इसके लिए मॉल रोड पर पुलिस और सेना की संयुक्त चेकपोस्ट बनाई जाएगी। चेकपोस्ट ओवरस्पीड वाहन चलाने वालों और शराब पीकर निकलने वालों पर कार्रवाई करेगी। मीटिंग में सैन्य अधिकारियों ने कैंट क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था, नालों की सफाई, बिजली की समस्या रखी। कमिश्नर सुरेंद्र सिंह ने नगर निगम, बिजली विभाग, पुलिस को तत्काल व्यवस्था सुुधारने के निर्देश दिए।
आज जनांदोलन समिति करेगी बैठक
वहीं, लिंक मार्ग के लिए आंदोलन कर रही जनांदोलन समिति बृहस्पतिवार को दशमेश नगर स्थित गुरुद्वारा में बैठक करेगी। प्रचार प्रभारी गौरव सिंह ने बताया कि शाम सात बजे बैठक में आगे की रणनीति पर वार्ता होगी। इसके बाद दिवाली के बाद लिंक मार्ग की मांग के लिए आंदोलन तेज किया जाएगा।