सेना में नौकरी के नाम पर ठगी करने वाला गिरफ्तार
मेरठ। सेना, पावर कॉरपोरेशन, नगर निगम और अन्य सरकारी विभागों में नौकरी लगवाने और फर्जी नियुक्ति पत्र दिखाकर लोगों से ठगी करने वाले आरोपी लाखन सूद को पुलिस ने गिरफ्तार किया। आरोपी की निशानदेही पर कई फर्जी नियुक्ति पत्र पुलिस ने बरामद किए। पुलिस मामले की छानबीन कर रही है।
आर्मी इंटेलिजेंस और सदर पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर बुधवार को आरोपी लाखन सूद निवासी पूर्वा अहिरान कोतवाली को गिरफ्तार कर लिया है। तलाशी के दौरान कुछ फर्जी नियुक्ति पत्र मिले हैं। पुलिस का दावा है कि आरोपी दिल्ली रोड पर भैसाली बस अड्डे के पास यह फर्जी दस्तावेज रितिक और दीपक को देने के लिए आ रहा था। वहीं से आर्मी इंटेलिजेंस और पुलिस की टीम ने आरोपी को घेरकर दबोचा।
आरोपी ने पूछताछ में बताया है कि वह कई लोगों से ठगी कर चुका है। आरोपी के पास से उतर प्रदेश पावर कॉरपोरेशन लिमिटेड का फर्जी नियुक्ति पत्र रितिक के नाम से, नगर निगम लखनऊ के तीन फर्जी नियुक्ति पत्र दीपक, करण व अरुण कुमार के नाम से बरामद किए गए हैं। एसपी सिटी विनीत भटनागर का कहना है कि मामले में पुलिस और आर्मी इंटेलिजेंस की टीम ने कुछ अन्य महत्वपूर्ण सुराग जुटाए हैं।
--
लखन सूद का है बड़ा नेटवर्क
- बताया गया है कि आरोपी लाखन सूद के साथ अन्य कई युवक नौकरी लगाने का झांसा देकर लाखों की ठगी करते हैं। इस पूरे नेटवर्क तक पहुंचने के प्रयास किए जा रहे हैं। पुलिस का दावा है कि कई गिरोह के चार लोगों को पुलिस जेल भेज चुकी है। इनके पास से फर्जी दस्तावेज बनाकर नौकरी लगवाने के नाम पर ठगी के मामले सामने आए हैं।