सरधना। मेला बूढ़ा बाबा में आयोजित रागिनी कार्यक्रम में बृहस्पतिवार रात जमकर बवाल हुआ। इस मामले में एसडीएम ने जांच बैठा दी है। वहीं, चेयरपर्सन सबीला अंसारी ने इस मामले शासन को अवगत कराने की चेतावनी दी है।
बूढ़ा बाबा मेले में बृहस्पतिवार रात मेला समिति द्वारा रागिनी कार्यक्रम आयोजित कराया गया। वहीं, संगीत सोम सेना द्वारा कार्यक्रम में अश्लील डांस किए जाने का आरोप लगाकर हंगामा किया था। संगीत सोम सेना के प्रदेश अध्यक्ष सचिन खटीक ने मंच से माइक लेकर अश्लील कार्यक्रम प्रस्तुत किए जाने का आरोप लगाकर आयोजन समिति को नसीहत दी थी। इससे वहां हंगामा हो गय। इस पर थानाध्यक्ष धर्मेंद्र सिंह राठौर ने टोकाटाकी की थी। वहीं, मेला प्रभारी ने भड़कीला डांस नहीं होने देने की चेतावनी दी थी। वहीं, मेला समिति ने कार्यक्रम का समर्थन किया था। इसके चलते कार्यक्रम बीच में ही बंद कर दिया गया। इससे अफरा-तफरी का माहौल बन गया। लोगों का कहना है कि पूर्व में संगीत संध्या कार्यक्रम का आयोजन किया जाता था। 2004 में बॉबी गुर्जर की हत्या के बाद उस पर रोक लगा दी गई थी। मेला समिति द्वारा संगीत संध्या की जगह देहाती रागिनी का कार्यक्रम शुरू कराया गया। सभी कार्यक्रम संगीत संध्या की तर्ज पर ही किए जाने लगे। इसको लेकर मेले की राजनीति एक बार फिर से गर्मा गई।
मामला मेरे संज्ञान में आया है। जिस तरह का भड़कीला डांस किए जाने की बात सामने आ रही है, उसकी जांच कराई जा रही है। इसके बाद आवश्यक कार्रवाई कराई जाएगी। भविष्य में इस तरह के कार्यक्रम को अनुमति नहीं दी जाएगी। -अमित कुमार भारतीय, एसडीएम सरधना
मेले की आड़ लेकर कुछ असामाजिक तत्व माहौल बिगाड़ना चाहते हैं। इसे किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। इस बाबत सीओ, एसडीएम, एडीएम प्रशासन के माध्यम से शासन को अवगत करा दिया है। रागिनी कार्यक्रम पहले से आयोजित किया जाता रहा है। -शबीला अंसारी, चेयरपर्सन सरधना
रागिनी कार्यक्रम ठीक तरह से चल रहा था। यहां भड़कीला डांस नहीं किया गया। कार्यक्रम में व्यवधान उत्पन्न करने वालों के संबंध में एसडीएम के साथ विधायक संगीत सोम को भी अवगत करा दिया है।-संजीव पंवार, रागिनी कार्यक्रम संयोजक
रागिनी कार्यक्रम के माध्यम से अश्लील नृत्य किया जा रहा था। यह संस्कृति के खिलाफ है। इसे बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।- सचिन खटीक, प्रदेश अध्यक्ष, संगीत सोम सेना