सरधना। थाना सरूरपुर क्षेत्र में हुई पुलिस मुठभेड़ में मारे गए 25 हजार के इनामी बदमाश साजिद उर्फ निवाज निवासी मोहम्मदपुर श्याम की मजिस्ट्रेट जांच के आदेश जारी किए गए हैं। एसएसपी की रिपोर्ट के आधार पर यह जांच एसडीएम सरधना को सौंपी गई है।
बीते 13 अक्तूबर को थाना सरूरपुर क्षेत्र में पुलिस और इनामी बदमाश साजिद के बीच मुठभेड़ हुई थी। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में साजिद मारा गया था। उस पर हत्या समेत कई संगीन मामलों में मुकदमे दर्ज थे। मेरठ पुलिस ने उस पर 25 हजार का इनाम घोषित किया था। मुठभेड़ के बाद जिला मजिस्ट्रेट मेरठ के निर्देश पर एसडीएम सरधना को घटना की मजिस्ट्रेट जांच सौंपी गई है। जांच में मुठभेड़ की परिस्थितियों, पुलिस कार्रवाई की वैधता और अन्य संबंधित बिंदुओं की विस्तृत विवेचना की जाएगी। एसडीएम सरधना ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि मुठभेड़ से जुड़े सभी दस्तावेज, रिपोर्ट और साक्ष्य जांच टीम को उपलब्ध कराए जाएं। जांच पूरी होने के बाद रिपोर्ट जिला मजिस्ट्रेट मेरठ को प्रस्तुत की जाएगी।