मुजफ्फरनगर के फरहत का निकला स्क्रैप लदा डीसीएम
मेरठ। रुड़की रोड स्थित बिजलीघर पर चोरी की वारदात के दौरान बदमाश जिस डीसीएम को छोड़कर फरार हुए थे, पुलिस उसके मालिक तक पहुंच गई है। डीसीएम मुजफ्फरनगर के फरहत का है। पुलिस ने डीसीएम मालिक से संपर्क कर थाने बुलाया है।
पश्चिमांचल विद्युत वितरण निगम का रुड़की रोड पर बिजलीघर और गोदाम है। शनिवार देर रात बदमाश गोदाम में घुसे और गैस कटर से वहां पड़े पुराने पोल काटने लगे। इसी दौरान बिजलीघर के कर्मचारी नरेश तालियान और नितिन ने शोर मचा दिया। बदमाश पोल और स्क्रैप लदा डीसीएम छोड़कर भाग गए। इंस्पेक्टर लालकुर्ती अतर सिंह मौके पर पहुंचे और जांच की। पुलिस डीसीएम को थाने ले आई।
सोमवार को पुलिस ने परिवहन विभाग की मदद से डीसीएम के मालिक का पता लगाया। जानकारी मिली कियह डीसीएम मुजफ्फरनगर का है, जिसके मालिक का नाम फरहत है। मोबाइल पर फरहत ने पुलिस को बताया कि उनका चालक डीसीएम मांगकर ले गया था। दो दिन से पुलिस के कब्जे में डीसीएम होने व इसको लेकर चालक से पूछताछ न करने के सवाल पर पुलिस को कोई जवाब नहीं मिला। इंस्पेक्टर लालकुर्ती अतर सिंह ने बताया कि फरहत से संपर्क हो गया है। मंगलवार को उसे अपना पक्ष रखने के लिए बुलाया गया है। अगर वह जल्द नहीं आते हैं तो पुलिस खुद वहां जाकर पूछताछ करेगी।