स्कॉर्पियो ने बाइक सवार को मारी टक्कर, दूर जाकर गिरा बाइक सवार, हंगामा
सरधना। नानू गंगनहर पुल के निकट सोमवार शाम बाइक सवार युवक को स्कॉर्पियो ने पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। बाइक सवार उछलकर दूर जा गिरा। बाइक काफी दूर तक गाड़ी के साथ घिसटती चली गई। लोगों ने स्कॉर्पियो सवार को घेरा तो वह गाड़ी छोड़कर मौके से फरार हो गए। ग्रामीणों ने बाइक सवार को कुचलने के प्रयास का आरोप लगा हंगामा कर दिया। पुलिस मौके पर पहुंची और भीड़ को शांत किया।
गांव नानू निवासी अमीर पुत्र जाफर सोमवार शाम बाइक पर गंगनहर पुल की तरफ जा रहा था। सरधना-नानू तिराहे के निकट पीछे से तेजगति में आ रही स्कार्पियो कार ने बाइक में टक्कर मार दी। इससे बाइक सवार उछलकर दूर जा गिरा। बाइक काफी दूर तक कार घिसटती चली गई। मामले को लेकर मौके पर हंगामा हो गया। लोगों की भीड़ देखकर कार सवार गाड़ी मौके पर छोड़कर फरार हो गए। घटना की सूचना मिलते ही थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने अमीर से घटना की जानकारी ली और कार व बाइक कब्जे में ले ली।
ग्रामीणों का आरोप है कि बाइक सवार को पीछे से जानबूझकर टक्कर मारी गई। लोगों ने आरोपियों को पकड़ने की मांग को लेकर हंगामा किया। पुलिस मौके पर पहुंची और लोगों को बमुश्किल शांत कराया।