उत्तर प्रदेश के सहारनपुर जनपद के बड़गांव थानाक्षेत्र स्थित एक धार्मिक स्थल में बनी झोपड़ी में एक साधू की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। साधू का शव संदिग्ध परिस्थितियों में फांसी के फंदे पर लटका मिला।
सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को उतार कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। इससे पहले भी इसी जगह दो अन्य महात्माओं की भी इसी तरह मौत हो चुकी है। इससे आसपास के लोगों में दहशत का माहौल है।
पुलिस के अनुसार गुरुवार को नन्हेड़ा खुर्द गांव के बाहर हिंड़न नदी के पुल के पास निर्माणधीन शिव मंदिर के पास एक झोपड़ी में एक महात्मा का शव बरामद हुआ। पिछले काफी दिनों रह रहे महात्मा लील्ला पुत्र दलसिंह (55) निवासी लव्वा दाऊदपुर थाना झिझांना जिला शामली का शव फांसी पर लटके होने की सूचना पर पुलिस ने मौके पर पहुंची।
मृतक का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी भिजवाया गया है। थानाध्यक्ष संजीव कुमार ने बताया कि महात्मा पिछले कई दिनों से डिप्रेशन की बीमारी से ग्रस्त चल रहा था। उसके घर में भी कोई नहीं है।
थाना देवबंद के गांव जखवाला में उसके मामा रहते है उनको सूचना दे दी गई है। फिलहाल महात्मा के शव को पीएम के लिए भिजवाया जा रहा है। ग्रामीणों ने बताया कि इससे पहले भी इस मंदिर में रह रहे दो अन्य महात्माओं की ऐसे ही मौत हो चुकी है।