हापुड़ के रामलीला मैदान में मेले का आयोजन हुआ है। मेले में लगे बड़े झूले में सोमवार को करंट उतर गया। झूले में करंट उतरने की सूचना मिलते ही अफरा-तफरी मच गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने झूले को बंद कराया। जांच के बाद पता चला कि तार में स्पार्किंग की वजह से झूले में करंट में उतरा था। हालांकि एसडीएम सुनीता सिंह ने बिना अनुमति चल रहे सभी झूलों को बंद कराने के आदेश जारी किए हैं।
जानकारी के मुताबिक, मोहल्ला लज्जापुरी निवासी दो बच्चे अपने परिवार के साथ झूला झूलने के लिए बैठने ही जा रहे थे, तभी वायर में स्पार्किंग होने लगी। वायर में स्पार्किंग से बच्चे डर गए और रोने लगे। हादसे के बाद बच्चों को करंट लगने की अफवाह फैल गई। जिससे आसपास मौजूद लोगों ने हंगामा शुरू कर दिया। मौके पर पहुंची पुलिस ने झूले को बंद करा दिया। पुलिस ने किसी को भी करंट लगने की सूचना से इनकार किया है।
एसडीएम सदर सुनीता सिंह का कहना है कि रामलीला में सभी झूले बिना अनुमति के चल रहे हैं। सीओ सिटी द्वारा इसके लिए नोटिस जारी किए गए थे, लेकिन इसके बावजूद भी उन्होंने अनुमति नहीं ली। अब सभी झूलों को बंद करा दिया गया है। बिना अनुमति झूलों का संचालन नहीं होगा।