लोगों से सुझाव लेकर चुनावी एजेंडा तैयार करेगा रालोद
मेरठ। उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव की रणनीति बनाने में जुटे राष्ट्रीय लोकदल ने अपनी मुहिम तेज कर दी है। नवगठित लोक संकल्प समिति 2022 की प्रथम बैठक का आयोजन बृहस्पतिवार को दिल्ली स्थित कॉन्स्टीट्यूशन क्लब में किया गया। समिति के अध्यक्ष डॉ. यशवीर सिंह ने बताया कि सात अगस्त को गाजीपुर बॉर्डर पर किसानों के बीच जाकर बात की जाएगी।
राष्ट्रीय लोकदल के अध्यक्ष जयंत चौधरी, लोक संकल्प समिति के अध्यक्ष डॉ. यशवीर सिंह, सह अध्यक्ष प्रो. अजय कुमार के साथ सभी सदस्य मौजूद रहे। राष्ट्रीय लोकदल के संस्थापक चौधरी अजित सिंह को श्रद्धांजलि अर्पित किए गए। लोक संकल्प समिति की प्रथम बैठक में समाज के विभिन्न वर्गों से जुड़े बुद्धिजीवियों के बीच चर्चा हुई। बहुत जल्द लोक संकल्प संवाद कार्यक्रम उत्तर प्रदेश के विभिन्न जनपदों में अगले माह आयोजित किए जाएंगे। जनता के सुझाव ट्विटर, फेसबुक, व्हाट्सएप और ई-मेल के जरिए लिए जाएंगे। इन सुझावों से ही लोक संकल्प-2022 आकार लेगा, फिर चुनावी एजेंडा तैयार किया जाएगा।
राष्ट्रीय लोकदल अध्यक्ष जयंत चौधरी ने कहा कि युवा और किसान लोक संकल्प 2022 के केंद्र बिंदु होंगे। लोक संकल्प समिति अपनी विकासवादी सोच को लेकर जनता के बीच जाकर सुझाव लेगी। पूर्व विधायक प्रो. अजय कुमार, विनम्र शास्त्री, एसके वर्मा, मेजर जेपी सिंह, पंकज चतुर्वेदी, रामाशीष राय, जीएस धामा, प्रो. दुष्यंत कुमार, डॉ. शहंशाह खान, चौ. नीरपाल सिंह, पुष्पेंद्र शर्मा, रमा नागर, चमनलाल प्रेमी, संतोष यादव, प्रशांत कनौजिया, सुखबीर सिंह गठीना, अखिल बंसल, बदर महमूद और डॉ. सुशील गौतम मौजूद रहे