आरोपी को पकड़ने आई मुजफ्फरनगर पुलिस को घेरा
बहसूमा। बहसूमा पुलिस को सूचना दिए बिना ही मुजफ्फरनगर पुलिस बुधवार देर रात रामराज की कलंदर वाली बस्ती में दबिश देने पहुंची। मोहल्ले में बदमाश होने का शोर मच गया और महिलाओं ने पुलिस की घेराबंदी कर ली। पुलिस किसी तरह भीड़ से बचते किसी वारदात में शामिल युवक को अपने साथ ले गई। वहीं, युवक के परिजनों ने मोहल्ले के ही कुछ युवकों पर पुलिस से साठगांठ कर फर्जी मामले में फंसाने का अंदेशा जताते हुए थाना बहसूमा पुलिस को तहरीर दी है। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।
बुधवार देर रात मुजफ्फरनगर मंडी पुुलिस ने किसी वारदात में शामिल आरोपी के घर पर दबिश दी तो मोहल्ले के लोगों ने बदमाश होने का शोर मचा दिया। शोर सुनकर मोहल्ले में काफी भीड़ एकत्र हो गई तथा पुलिस से जबरन आरोपी को छुड़ाने की कोशिश की। महिलाओं और पुरुष लाठी डंडे लेकर मौके पर पहुंच गए। पुलिस अपने आप को घिरा देख किसी तरह अंधेरे का लाभ लेकर नामजद आरोपी आरिफ पुत्र जमीर को अपने साथ ले गई।
आरिफ के परिजनों का आरोप है कि मोहल्ले के कुछ युवकों ने पुलिस से साठगांठ कर उसके पुत्र को फर्जी वारदात में फंसाने का आरोप लगाया है। गंभीर रूप से घायल जमीर का आरोप है कि सादी वर्दी में पुलिस व मोहल्ले के कुछ युवकों ने उनके साथ लाठी डंडो से हमला कर गंभीर रूप से घायल कर दिया। महिलाओं से भी मारपीट की है। बृहस्पतिवार सुबह घायल तहरीर देने बहसूमा थाने पहुंचे और तहरीर दी। रामराज चौकी प्रभारी अमर सिंह का कहना है कि मामले की जांच कर कार्रवाई की जाएगी।
रामराज में कई बार पिट चुकी पुलिस
रामराज के मोहल्ला कलंदर वाली बस्ती में बाहर की पुलिस कई बार पिट चुकी है। तीन साल पहले मुरादाबाद पुलिस गुपचुप दबिश देने पहुंच गई थी तो लोगों की भीड़ ने एक दरोगा के दांत तोड़ दिए थे। कई गंभीर रूप से घायल हो गए थे।