अधिकारियों को लगातार संपर्क बनाए रखने और हर संभव सहायता करने के लिए कहा गया है। डीएम के. बालाजी खारकीव में फंसी गंगानगर निवासी श्वेता सैनी के परिजनों से मिलने उनके घर पहुंचे। एडीएम वित्त एवं राजस्व, एसडीएम सदर संदीप भागिया, एसडीएम सरधना अमित कुमार, एसडीएम सरधना सूरज पटेल के अलावा तहसीलदार और नायब तहसीलदारों ने सभी छात्रों के घर पहुंचकर परिजनों से मुलाकात की और वापस लौटे छात्रों से संबंधित जानकारी हासिल की।
आलमगीर ने फीस के ढाई लाख रुपये छात्रों में बांटे
किठौर। यूक्रेन में एमबीबीएस फाइनल ईयर के छात्र आलमगीर सकुशल किठौर के ललियाना लौट आए हैं। आलमगीर ने बताया कि उसे एक मार्च को फीस जमा करनी थी, लेकिन ऐसे हालात में कई छात्र ऐसे थे, जिनको भारत आने के लिए पैसों की तंगी थी, बैंक से पैसे न निकलने के कारण सभी परेशान थे।
उसने फीस जमा करने के बजाय ढाई लाख रुपये साथी छात्रों में बांट दिए, ताकि वे भी सकुशल वापस आ सकें। उनके पिता मोइन ने बताया कि उसने बताया कि पिछले पांच दिन कैसे गुजरे, बयां नहीं कर सकते। अब बेटा आ गया तो राहत मिली, लेकिन जो छात्र फंसे हैं, उनके परिजनों को हाल सोचकर मन दुखी हो रहा है।
जो नारेबाजी कर रहे थे, उनके साथ हुई थी मारपीट
आलमगीर ने बताया कि यूक्रेन में जो छात्र परेशानी के कारण नारेबाजी कर रहे थे, उनके साथ मारपीट हुई थी। वही वीडियो वायरल हुआ था।