छात्रा से अश्लील हरकत करने के मामले में रिपोर्ट दर्ज
मवाना। कॉलेज से घर लौटते समय पांच युवकों द्वारा छात्रा को तमंचा दिखाकर ईख के खेत में ले जाकर अश्लील हरकत करने और वीडियो वायरल करने के मामले में पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है। पुलिस एक आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है।
नगर निवासी एक युवती ने थाने में दर्ज कराई रिपोर्ट में बताया कि करीब एक माह पहले वह सरकारी अस्पताल में वैक्सीन लगवाने गई थी। वहां तैनात एनजीओ के पंकज ने उसका मोबाइल नंबर नोट किया तथा उससे फोन पर बात करने लगा। 18 अगस्त को जब वह कॉलेज से घर जाने लगी तो पंकज का फोन आया कि वह उसे सरकारी क्लीनिक पर दूसरी डोज लगवा सकता है। वह पंकज की बातों में आ गई।
पंकज उसे बहला फुसलाकर बाईपास पर ईख के खेत में ले गया और उसके साथ अश्लील हरकत करने लगा। तभी पांच लड़के तमंचा लेकर वहां पहुंच गए। इन सभी ने डरा धमकाकर अश्लील हरकत करते हुए उसकी वीडियो बना ली। विरोध करने पर वीडियो वायरल करने की धमकी दी। शोर सुनकर वहां पहुंचे एक राहगीर ने इनका विरोध किया। इसी दौरान पीड़िता किसी तरह से भाग निकली। यह बात घरवालों से छिपाए रखी। 25 अगस्त को सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल होने पर उसने परिजनों को जानकारी दी। पुलिस ने एक युवक को हिरासत में लिया है। आरोपी ने अपने साथियों के नाम पुलिस को बता दिए हैं। पुलिस उनकी तलाश में जुटी है।