सोतीगंज में नौ कबाड़ियों के गोदामों पर छापा मारा
मेरठ। सोतीगंज में नौ कबाड़ियों के गोदाम पर बृहस्पतिवार को सदर पुलिस ने छापा मारकर जांच की। पुलिस का दावा कि इन गोदाम पर जो इंजन और पार्ट्स मिले, उनके कागज कबाड़ियों ने दिखाए है। वहीं, पुलिस ने पांच दिन पहले इंजन और पार्ट्स बरामद किए थे, उनकी जांच करने में अभी फोरेंसिक टीम लगी हुई है।
एएसपी कैंट सूरज राय और इंस्पेक्टर सदर बिजेंद्र सिंह राणा पुलिस फोर्स लेकर दोपहर में सोतीगंज पहुंचे। कबाड़ी अफसर, माजिद, शानू, नावेद, आबिद, अजाज, दिलशाद, आस मोहम्मद और हाजी नईम पहलवान के गोदाम पर छापा मारा। इन कबाड़ियों के गोदाम पर तलाशी ली, जहां इंजन और गाड़ियों की पार्ट्स मिले। पुलिस ने बताया कि इन कबाड़ियों के गोदामों पर सब कुछ ठीक मिला है।
सोतीगंज में छापेमारी लगते ही कबाड़ियों में खलबली मची। कई अपने गोदाम पर ताला लगाकर फरार हो गए। पुलिस ने बताया कि कुछ कबाड़ियों को बदनाम करने के लिये सूचना दे रहे है। हालांकि, पुलिस ने सभी कबाड़ियों की जांच करने की बात कही। एएसपी कैंट का कहना कि किसी बेकसूर कबाड़ी को पुलिस परेशान नहीं करेंगी। इसको लेकर थाना पुलिस को निर्देश दिए है। वहीं, सोतीगंज के कई कबाड़ियों के यहां से बरामद इंजनों की जांच अभी चल रही है।