सिविल लाइन पुलिस ने 25 लाख के पटाखे पकड़े
मेरठ। सिविल लाइन पुलिस ने रविवार को पुरानी मोहनपुरी स्थित एक मकान पर छापा मारकर पटाखों का जखीरा पकड़ लिया। मौके से दो लोगों को हिरासत में लिया गया है। पटाखों की कीमत 25 लाख रुपये बताई जा रही है। पुलिस ने मुकदमा पंजीकृत कर लिया है।
इंस्पेक्टर सिविल लाइन रमेश चंद शर्मा के अनुसार, पुरानी मोहनपुरी में सतीश गुप्ता व विमल गुप्ता का संयुक्त परिवार रहता है। रविवार शाम पुलिस को सूचना मिली कि उनके द्वारा भारी मात्रा में पटाखे जुटाए गए हैं। पुलिस ने मकान पर छापा मारा। पुलिस की इस कार्रवाई से हड़कंप मच गया। लोगों की भीड़ जमा हो गई तो परिवार के लोगों ने पुलिस कार्रवाई का विरोध जताना शुरु कर दिया।
एसआई अविनाश कुमार व एसआई पंकज कुमार ने लोगों को न्यायालय के आदेशों से अवगत कराया और माल जब्त करने की कार्रवाई शुरु कर दी। कुछ ही देर में पुलिस छोटा हाथी वाहन में माल भरकर थाने ले आई। सचिन पुत्र सतीश व विमल पुत्र राधेश्याम को हिरासत में लेकर पुलिस थाने आ गई। जो चाचा-भतीजा बताए गए है। देर रात मुकदमा पंजीकृत कर लिया गया।
25 लाख रुपये आंकी जा रही कीमत
पुलिस ने मकान के भीतर से करीब 25 लाख रुपये कीमत के पटाखे जब्त किए हैं। इंस्पेक्टर ने बताया कि पुलिस ने मौके से विभिन्न कंपनियों के 22 पेटी और 20 बोरे पटाखे कब्जे में लिए हैं। इन लोगों ने अलग-अलग स्थानों से पटाखे जुटाए थे। आर्डर बुक किये गये थे, जिसके चलते माल सप्लाई होना था।
--------
पुरानी मोहनपुरी में एक मकान से भारी मात्रा में पटाखे पकड़े गए हैं। दो लोगों को हिरासत में लिया गया है, जो रिश्ते में चाचा-भतीजे हैं। मुकदमा पंजीकृत कर आगे की कार्रवाई की जा रही है। - विनीत भटनागर, एसपी सिटी