लालकुर्ती में मिठाई की दुकान के बाहर मारपीट, हंगामा
मेरठ। लालकुर्ती क्षेत्र के बाउंड्री रोड स्थित मिठाई की दुकान के बाहर पार्किंग में गाड़ी खड़ी करने को लेकर शनिवार देर रात मारपीट हो गई। पुलिस ने बताया कि दो परिवार यहां पर आए थे। दोनों पक्ष एक-दूसरे पर आरोप-प्रत्यारोप लगा रहे हैं। पुलिस ने बताया कि सदर बाजार और बेगमपुल के व्यापारी अपने परिवार के साथ आए थे। जहां पर पार्किंग में गाड़ी खड़ी करने को लेकर दोनों परिवारों के बीच पहले कहासुनी और फिर मारपीट हो गई।
एक पक्ष ने छेड़छाड़ और लूटपाट करने का आरोप लगा दिया। वहीं, दूसरे पक्ष ने दुकान के कर्मचारियों द्वारा मारपीट कराने का आरोप लगाया। इस मामले में दोनों पक्षों ने वहां पर हंगामा कर दिया। इसकी जानकारी लगते ही पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस दोनों परिवार के लोगों को थाने ले आई। पुलिस के सामने भी दोनों परिवार के लोग एक-दूसरे पर आरोप प्रत्यारोप लगाते रहे।
एसपी सिटी विनीत भटनागर का कहना है कि पुलिस अभी मामले की जांच कर रही है। दोनों पक्षों ने देर रात तक लिखित में तहरीर नहीं दी। ब्यूरो