कोविड नियमों की सख्ती के बीच जारी रहेंगे प्रैक्टिकल और परीक्षाएं
मेरठ। कोरोना के बढ़ते मामलों को देखते हुए जिले में पहली से बारहवीं कक्षा तक के सभी शिक्षण संस्थान 30 अप्रैल तक बंद रहेंगे। डीएम के. बालाजी ने देर शाम शिक्षण संस्थानों को आदेश जारी कर दिया। पहली से बारहवीं तक की सभी कक्षाएं ऑनलाइन चलेंगी। परीक्षाएं और प्रैक्टिकल यथावत होते रहेंगे। कोरोना से बचाव के सभी नियमों का पालन करते हुए परीक्षाएं करानी होंगी। परीक्षा, प्रैक्टिकल के लिए आवश्यक स्टाफ को कोरोना गाइडलाइन का पालन करते हुए स्कूल आना होगा। यह आदेश सीबीएसई, आईसीएसई, माध्यमिक बोर्ड के सभी सरकारी, निजी, प्रबंधकीय विद्यालयों, कोचिंग संस्थानों, शिक्षण संस्थानों पर लागू होगा।
वहीं दीवान पब्लिक स्कूल कैंट ने आज चेकअप टेस्ट स्थगित कर दिया है। साथ ही आज स्कूल में शिक्षक घर से ही ऑनलाइन कक्षाएं लेंगे। प्रिंसिपल असीम दुबे ने बताया कि कंपार्टमेंट की परीक्षाएं, प्रैक्टिकल और एंट्रेंस टेस्ट सब होंगे। ब्यूरो
--
आज खुली रहेंगी दवा की दुकानें
मेरठ। साप्ताहिक बंदी के दौरान भी सोमवार को दवा की दुकानें खुली रहेंगी। जिला मेरठ केमिस्ट एंड ड्रगिस्ट एसोसिएशन के महामंत्री घनश्याम मित्तल के नेतृत्व में व्यापारी अपर जिलाधिकारी नगर से मिले थे। वार्ता के अनुसार घनश्याम मित्तल ने बताया कि दुकानें खुलने के दौरान विक्रेताओं को स्पष्ट निर्देश है कि वे सामाजिक दूरी को बनाए रखेंगे। मास्क अनिवार्यता के साथ पहनेंगे। इसके अतिरिक्त सभी दवा दुकानदारों से आग्रह किया गया कि वह दुकान आने जाने या दवा की आपूर्ति के अतिरिक्त इस सुविधा का प्रयोग अन्य कार्यों में न करें। अपनी पहचान के लिए सभी दवा विक्रेता अपने साथ अपने लाइसेंस की एक प्रति अवश्य रखेंगे।