पुलिस रैली निकालती रही, लोग जाम में फंसे रहे
मेरठ। दीपावली के मद्देनजर शहर में लागू हुआ रूट डायवर्जन प्लान वाहनों के दबाव के आगे सोमवार को पहले दिन ही फेल हो गया। शहर जाम से जूझता रहा और पुलिस यातायात माह जागरुकता कार्यक्रम में व्यस्त रही। यातायात व्यवस्था रंगरुटों के हवाले रही जो जाम के आगे बेबस दिखे।
मुजफ्फरनगर व हरिद्वार की ओर से आने वाले भारी वाहनों की वजह से जीरो माइल पर वाहनों का दबाव बढ़ गया और दिनभर लोग जाम से जूझते रहे। सोहराबगेट डिपो की बसों और भारी वाहनों के लिए सूरजकुंड हंस चौराहा, सर्किट हाऊस होते हुए आगे निकालने की व्यवस्था थी। यहां भी हंस चौराहा और सूरजकुंड पुलिया पर पूरा दिन जाम लगा रहा।
बिजली बंबा पर बढ़ा दबाव
रूट डायवर्जन के चलते बिजली बंबा बाईपास पर वाहनों का दबाव बढ़ गया। उधर एसपी ट्रैफिक जितेन्द्र श्रीवास्तव ने कहा कि शहर में त्योहार की वजह से वाहनों के भारी दबाव के कारण व्यवस्था में मुश्किलें आईं। जगह-जगह रंगरूट भी लगाए गए थे।
बाजारों में दौड़ते रहे चौपहिया वाहन
सोमवार को पीएल शर्मा रोड, हापुड़ अड्डा से बेगमपुल चौराहा, नई सड़क से सेंट्रल माकेर्ट, सेंट्रल मार्किट से दोनों ओर दुपहिया व चौपहिया वाहनों का आवागमन जारी रहा। भीड़भाड़ होने के बाद भी किसी तरह की रोक नहीं दिखी।
सड़क सुरक्षा: एक वर्ष में 725 दुर्घटनाएं, 338 ने गंवाई जान
जागरुकता रैली के साथ यातायात माह का आगाज
मेरठ। जनपद में गत वर्ष 725 सड़क दुर्घटनाओं में 338 लोगों ने जान गंवाई और 454 गंभीर रूप से घायल हुए। मरने वालों में 16 वर्ष से 30 वर्ष की आयु के युवा सर्वाधिक रहे। सोमवार को सड़क सुरक्षा-जीवन रक्षा कार्यक्रम के तहत यातायात माह का शुभारंभ हुआ। 30 दिन चलने वाले इस अभियान में लोगों को सड़कों पर खतरे के प्रति आगह कर नियम पालन के लिए प्रेरित किया जाएगा।
पुलिस लाइन सभागार में कार्यक्रम की शुरुआत एसएसपी प्रभाकर चौधरी ने की। उन्होंने कहा कि अगर सड़क पर चलते समय यातायात के नियमों का पूरी तरह पालन किया जाए तो दुर्घटनाओं को रोका जा सकता है। एसपी ट्रैफिक जितेंद्र कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि यातायात माह का उद्देश्य इन दुर्घटनाओं पर रोक लगाना है।यातायात जागरुकता रैली भी निकाली गई, जिसे एसएसपी प्रभाकर चौधरी ने हरी झंडी देकर रवाना किया। अभियान में मिशिका एजुकेशनल एंड वेलफेयर सोसाइटी छात्र-छात्राओं को जागरूक करेगी। इस मौके पर एसपी सिटी विनीत भटनागर, एसपी देहात केशव कुमार, एसपी क्राइम अनित कुमार, एएसपी कैंट सूरज राय, एएसपी ब्रह्मपुरी विवेक यादव, सीओ कोतवाली अरविंद चौरसिया, सीओ सिविल लाइन देवेश सिंह सहित आरटीओ व रोडवेज के अधिकारी भी मौजूद रहे। संवाद