वहीं,पंचायत की सूचना पर मंगलवार सुबह कॉलेज के गेट पर भारी पुलिस बल तैनात कर दिया गया। मवाना पुलिस ने सुबोध गुर्जर और रजत मावी को हिरासत में लेकर थाने में बैठा लिया। पुलिस को सूचना मिली कि अलीपुर मोरना गांव के चौपले पर पंचायत हो सकती है। जिसके बाद वहां पर भी पुलिस फोर्स तैनात कर दिया गया। यहां से पुलिस ने गांव के एक मकान पर बैठे करीब छह लोगों को हिरासत में लेकर थाने भेजा। जिनमें गौरियांक कोहला, सुशील मवाना, कमल नासरपुर, मोहित मीवा व अन्य मौजूद रहे।
गौरियांक कोहला का कहना है कि वह गढ़ी गांव में एक परिवार में मौत हो गई थी। वह वहां से लौटते समय गांव में मनोज के पिता की हालत जानने के लिए बैठे थे। मनोज के पिता काफी समय से कैंसर से पीड़ित चल रहे हैं। लेकिन पुलिस ने उन्हें पंचायत में शामिल होने के शक पर हिरासत में लेकर थाने में बैठा लिया। हालांकि शाम को सभी को छोड़ दिया गया।
वहीं, खुफिया विभाग भी जानकारी करने में जुटा रहा। उसके बाद आकाश गुर्जर के नेतृत्व में गांव हुमांयूपुर में पंचायत की गई। वहां उन्होंने गुर्जर समाज के लोगों पर हो रहे मुकदमों पर रोष व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि एक अक्तूबर से गुर्जर समाज जागरूक पद यात्रा गांव-गांव निकाली जाएगी। बाद में महापंचायत की जाएगी।
उन्होंने कहा कि इन मुकदमों के विरोध के साथ-साथ धन सिंह कोतवाल बोर्ड के गठन की मांग भी रहेगी। वहीं, पंचायत में पहुंची राष्ट्रीय वीर गुर्जर महिला सेना की अध्यक्ष ममता भाटी ने गुर्जर रेजीमेंट की स्थापना फौज में होनी चाहिए या फिर जातिगत रेजीमेंट खत्म होनी चाहिए। वहीं, राष्ट्रीय गुर्जर उत्थान बोध समिति के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित पहलवान ने गुर्जर समाज से अपने हकों के लिए एकजुट होने का आह्वान किया।
उन्होंने 31 अक्तूबर को नोएडा में हो रहे महाकुंभ में अधिक से अधिक संख्या में पहुंचने का आह्वान किया। पंचायत में राष्ट्रीय वीर गुर्जर सेना के राष्ट्रीय अध्यक्ष सोनू गुर्जर ने भी विचार रखे। इस दौरान धर्मपाल सिंह गुढ़ा, संतू प्रधान अकबरपुर, गुल्लू प्रधान किला परीक्षितगढ़, ओमबीर प्रधान गुढ़ा, कर्मवीर सीना, जुगल प्रधान नवल, विपिन भाटी झुनझुनी, कोशिंद्र झंझेड़ी आदि मौजूद रहे।
यह भी पढ़ें: मेरठ: पाकिस्तान से आई हूं, मुंबई जाना है; पासपोर्ट हो गया चोरी, एक कॉल से मचा हड़कंप, एलआईयू ने ऐसे की पहचान
गुर्जर महापंचायत रोकने को मुस्तैद रहा पुलिस बल
मवाना के बाद हस्तिनापुर के अलीपुर मोरना में गुर्जर समाज की महापंचायत की घोषणा के बाद पुलिस प्रशासनिक अधिकारी अलर्ट हो गए और अलीपुर मोरना चौराहे पर सीओ आशीष शर्मा सहित भारी पुलिस बल तैनात रहा।
यह भी पढ़ें: यूपी: तन पर वर्दी पर मन खुश नहीं, दरोगा ने इस्तीफे में लिखी ऐसी बात, हर कोई हैरान, खूब चर्चा में है मामला
एक सप्ताह पूर्व 18 सितंबर को मवाना में सम्राट मिहिर भोज की जयंती पर बिना अनुमति शोभायात्रा निकालने पर मवाना थाने में 17 नामजद व 75 अज्ञात के खिलाफ मुकदमा पंजीकृत किया गया था।