मवाना। गांव मुबारिकपुर में फायरिंग के मामले में दबिश देने गई पुलिस पर वृद्ध के साथ मारपीट करने का आरोप लगाया है। थाना समाधान दिवस में शिकायत की है।
गांव मुबारिकपुर में भैंस उतारने को लेकर जून के प्रथम सप्ताह में एक मकान पर ताबड़तोड़ फायरिंग की गई थी। घटना के संबंध में पीड़ित ने तीन नामजद और सात-आठ अज्ञात के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई थी। इसमें तीन नामजद आरोपियों सहित पांच को पुलिस जेल भेज चुकी है। जांच में गांव मुबारिकपुर निवासी एक युवक का नाम प्रकाश में आने पर पुलिस शुक्रवार रात उसे गिरफ्तार करने गांव गई थी।
आरोप है कि युवक के नहीं मिलने पर उसके वृद्ध पिता को पुलिस उठाकर ले गई और उसके साथ मारपीट की। इस संबंध में शनिवार को थाना समाधान दिवस में एसपी देहात से शिकायत की थी। वहीं, मवाना खुर्द चौकी पुलिस प्रभारी सतेंद्र कुमार का कहना है कि अधिकारियों के निर्देश पर पुलिस दबिश देने गई थी, लड़का मिला नहीं, पिता को चलने के लिए कहा तो महिलाओं ने अभद्रता की। महिलाओं द्वारा धक्का-मुक्की में वृद्ध के पेट में किसी का हाथ लग गया होगा। पुलिस पर मारपीट का आरोप निराधार है।