मेरठ। जिले में एमडीए द्वारा तीन स्थानों पर बनाए जा रहे प्रधानमंत्री आवास के लिए सरकार ने 100 दिन का समय दिया है। पिछले दो वर्षों से पीएम आवास का निर्माण सरायकाजी, शताब्दी नगर और लोहिया नगर में किया जा रहा है। अभी एक भी स्थान पर निर्माण कार्य पूरा नहीं हो सका है। आगामी विधानसभा चुनावों से पहले सरकार ने पात्रों को इसकी चाबी सौंपने के लिए कहा है। तीनों स्थानों पर 1088 पीएम आवास बनाए जा रहे हैं।
कोरोना काल के बाद पीएम आवास पर सबसे अधिक असर देखने को मिला। सरकार की तरफ से बजट न आने के कारण पीएम आवास का कार्य थम गया। हालात ये हो गए है कि महज 12 करोड़ रुपये देकर सरकार ने हाथ पीछे खींच लिए। इसके बाद एमडीए ने अवस्थापना निधि से 20 करोड़ रुपये की लागत से इन आवासों में बचे हुए कार्य को शुरू कराया है। इसमें बिजली विभाग को लगभग चार करोड़, जल विभाग को लगभग तीन करोड़ रुपये दिए हैं। जिससे इन सभी कार्यों को पीएम आवास में शुरू किया जा सके। इस बजट के लिए भी काफी जद्दोजहद करनी पड़ी। पहले एमडीए उपाध्यक्ष ने बिजली और जल विभाग के अधिकारियों के साथ बैठक की। इस बैठक में विभागों को खुद बजट की व्यवस्था करने के लिए कहा गया लेकिन किसी भी विभाग ने बजट का इंतजाम नहीं किया। इसके बाद विकास के लिए एमडीए के पास बचे हुए धन को पीएम आवास में लगाया जा रहा है।
समय पर काम करेंगे पूरा
पीएम आवास के लिए 100 दिन का समय मिला है। इसे पूरा कराने के लिए टेंडर प्रक्रिया को फाइनल कर दिया गया है। हम शताब्दीनगर और लोहियानगर में तीन महीने में आवास तैयार करा देंगे। - मृदुल चौधरी, एमडीए, उपाध्यक्ष