तीन संगठनों के लोग बोले, ठप नहीं होने देंगे सफाई व्यवस्था
- सपा नेता विपिन मनोठिया से मारपीट मामला
मेरठ। सपा नेता विपिन मनोठिया से मारपीट मामले में सफाई मजदूर संघ समेत तीन संगठनों के लोग रविवार को एसपी सिटी विनीत भटनागर से मिले और कहा कि यह भाजपा और सपा के बीच की सियासी लड़ाई है, इस मामले में सफाई व्यवस्था ठप नहीं होने देंगे।
निगम के पार्षद और उत्तर प्रदेशीय सफाई मजदूर संघ के अध्यक्ष टीसी मनोठिया ने कहा कि सियासी लाभ के लिए यह सब किया गया है। मामले को जातिगत रूप देने का प्रयास किया गया है। यूनियन के महामंत्री कैलाश चंदोला ने कहा कि यह विवाद भाजपा और सपा के बीच का है, इसका सफाई व्यवस्था ठप किए जाने का कोई मतलब नहीं है। वाल्मीकि आंबेडकर विचार मंच के महामंत्री सुंदर लाल ने कहा कि मतदान का समय बीतने के बाद, सपा प्रत्याशी का मतदान स्थल पर विपिन मनोठिया को साथ लेकर जाना साजिश का हिस्सा लग रहा है। इस दौरान महर्षि वाल्मीकि सेना के अध्यक्ष गौतम वाल्मीकि, सफाई मजदूर नेता दीपक मनोठिया, सुंदर लाल, विपेंद्र, सुधा वाल्मीकि, अजय महरोलिया, ज्योति वाल्मीकि और नरेश वैद आदि लोग शामिल थे।
बृहस्पतिवार को मतदान स्थल के बाहर शास्त्रीनगर में विपिन मनोठिया के साथ मारपीट हुई थी, जिसका वीडियो वायरल हुआ था। मेडिकल थाने में एफआईआर दर्ज कराई गई थी। शनिवार को इस मामले सपा के जिला उपाध्यक्ष विपिन मनोठिया ने सूरजकुंड पर वाल्मीकि समाज की पंचायत की थी और 48 घंटे के भीतर आरोपियों की गिरफ्तारी न करने पर सोमवार को सफाई व्यवस्था ठप करने का एलान किया था। इसी मामले में वाल्मीकि समाज और तीन संगठनों से जुड़े लोग एसपी सिटी से मिले थे।