छह अपंजीकृत चिकित्सकों को नोटिस, एक पर रिपोर्ट
मेरठ। स्वास्थ्य विभाग ने छह अपंजीकृत चिकित्सकों को नोटिस जारी किए हैं। सात दिन में उन्हें जवाब दाखिल करने के लिए कहा गया है। संतोषजनक जवाब नहीं देने पर कार्रवाई की जाएगी। इसके अलावा एक अपंजीकृत चिकित्सक के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई गई है।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी कार्यालय के डॉ. सुधीर कुमार ने बताया कि नोटिस वाले चिकित्सकों में जाकिर कॉलोनी, गढ़ रोड मवाना, किला परीक्षितगढ़, तेजगढ़ी चौराहा और श्याम नगर होटल वाली गली में क्लीनिक संचालित करते हैं। उन्हें पंजीकरण कराने या पंजीकरण दिखाने के लिए एक सप्ताह का समय दिया गया है। इसके अलावा मुंडाली में उज्ज्वल के नाम से क्लीनिक चलाने वाले के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई गई है। इसे पहले ही नोटिस दिया गया था, जिसका इसने जवाब नहीं दिया है। उन्होंने बताया कि ऐसे अमान्य चिकित्सकों के खिलाफ जांच और कार्यवाही जारी रहेगी।