- पिता का आरोप- पुलिस पर कार्रवाई के बजाय टरकाने का आरोप, बेटे को जिंदा या मुर्दा बरामद करने की मांग
संवाद न्यूज एजेंसी
सरधना। दौराला थाना क्षेत्र के मछरी गांव निवासी 70 वर्षीय पिता दो साल से लापता बेटे की तलाश में अधिकारियों के चक्कर काट रहा है। बेटे का कोई सुराग नहीं मिलने से परेशान पिता ने सोमवार को एसडीएम सरधना को प्रार्थना पत्र देकर बेटे को जिंदा या मुर्दा बरामद कराने की मांग की है। साथ ही पुलिस की कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठाए हैं।
मछरी निवासी इलम सिंह के अनुसार, उनका 25 वर्षीय बेटा भूपेंद्र 30 जुलाई 2024 को गांव के ही पिंटू और लक्ष्मेंद्र के साथ जाने की बात कहकर घर से निकला था। इसके बाद वह वापस नहीं लौटा। आरोप है कि काफी दिनों तक पूछताछ करने पर दोनों युवक उन्हें टालते रहे। इसके बाद उन्होंने दौराला थाने में दोनों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई। इलम सिंह का आरोप है कि मामले की जांच के दौरान पुलिसकर्मियों ने आरोपियों से मिलीभगत कर ली और उन्हें बार-बार थाने से लौटा दिया। न्याय की उम्मीद में उन्होंने एसएसपी मेरठ समेत कई अधिकारियों से शिकायत की। उनकी पत्नी भी अधिकारियों के चक्कर काट चुकी हैं, लेकिन बेटे का अब तक कोई पता नहीं चला। पीड़ित पिता ने एसडीएम से मामले में निष्पक्ष जांच कराने, बेटे की तलाश कर उसे जिंदा या मुर्दा बरामद कराने और जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई कराने की मांग की है। एसडीएम उदित नारायण सेंगर ने सीओ दौराला को जांच कर कार्रवाई के निर्देश दिए हैं।