17 अक्तूबर को आरोपी विपिन ने युवती के परिजनों को बीमारी के कारण प्रयागराज में मौत की जानकारी दी थी। परिजनों ने पुलिस को जानकारी दी। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराया तो मुंह दबाकर हत्या करने का मामला सामने आया। अंतिम संस्कार गंगा बैराज पर किया गया था। पुलिस आरोपी की तलाश में जुटी थी।
थाना प्रभारी रावेंद्र सिंह यादव ने बताया की पुलिस ने आरोपी विपिन को रविवार को दिल्ली पौड़ी राजमार्ग स्थित ग्राम शिवपुरी बस स्टैंड से गिरफ्तार कर लिया। आरोपी से तौलिया, घटना में प्रयुक्त कार भी बरामद की गई। विपिन थाने का हिस्ट्रीशीटर है, जिसके विरुद्ध थाना मीरापुर पर अवैध शराब के करीब आधा दर्जन मुकदमे भी दर्ज है।
इस तरह की गई हत्या
पुलिस जांच में सामने आया कि मृतका तान्या मीरापुर में ही विपिन की दुकान पर काम करती थी। दोनों के बीच प्रेम संबंध बन गए। विपिन पहले से ही शादीशुदा था। दोनों शादी करने के प्रयागराज गए और वकील से सलाह की। अधिवक्ता ने विपिन से कहा कि कानूनी शादी के लिए पहली पत्नी को तलाक देना होगा। इसके बाद दोनों कमरे पर लौटे और झगड़ा हुआ। कुछ देर बाद तान्या सो गई तो विपिन ने सोते हुए तौलिए से उसका मुंह दबाकर हत्या कर दी। इसके बाद परिजनों को कॉल कर बीमारी से मौत की बात कही।