वैन में लगी आग बुझाते दमकलकर्मी
- फोटो : Amar Ujala Meerut
मेरठ के बिजली बंबा बाईपास पर बुधवार को एक बड़ा हादसा होने से बच गया। यहां दोपहर के समय बिजली बंबा बाईपास से गुजरी एक वैन धूं-धूकर जल उठी। अचानक जलते शोले में तब्दील हुई कार को देखते ही राहगीरों में हड़कंप मच गया।
सूचना पर पुलिस व फायर ब्रिग्रेड की टीम मौके पर पहुंची और आग पर काबू पाया। बताया गया कि वैन में चालक सहित पांच लोग सवार थे। तेज धमाके के साथ जैसे ही वैन में आग लगी तो आसपास से गुजर रहे वाहन चालकों ने वैन के ड्राइवर को जानकारी दी। चालक व अन्य चार लोगों ने जैसे-तैसे कूदकर अपनी जान बचाई। वहीं घटना से काफी देर तक यातायात प्रभावित रहा।
जानकारी के अनुसार बिजली बंबा बाईपास स्थित सुपरटेक ग्रीन विलेज के सामने अचानक वैन में आग लगने से हड़कंप मच गया। मिनट भर के अंदर वैन आग का गोला बन गई।
प्रत्यक्षदर्शियों ने शोर मचाकर वेन के अंदर बैठे लोगों को सूचना दी, इसके बाद चालक ने ब्रेक लगाए। वैन में धमाके के साथ आग लग गई। वैन में बैठे अन्य चार लोग भी हड़बड़ाहट में वैन से कूद गए। इसमें एक व्यक्ति को पैर में और सिर में गंभीर चोट आई है, जबकि अन्य लोगों को कोई नुकसान नहीं हुआ।
वहीं मौके पर पहुंची फायर बिग्रेड की टीम ने आग पर काबू पाया, जिसके बाद यातायात सुचारू रूप से शुरू हुआ। पुलिस के अनुसार बीच राह वैन में आग लगने से बड़ा हादसा हो सकता था, लेकिन समय रहते घटना पर काबू पा लिया गया।