मेरठ में बागपत रोड स्थित कैलाश हॉस्पिटल के पास पुलिसकर्मी बनकर एक युवक से बदमाशों ने लूट कर ली। जानकारी लगने पर टीपी नगर थाने की पुलिस मौके पर पहुंची और सीसीटीवी कैमरे की फुटेज देखकर जांच शुरू कर दी।
परतापुर थाना क्षेत्र के गेझा गांव निवासी विरेंद्र सिंह की पत्नी बागपत रोड पर कैलाश हॉस्पिटल में भर्ती है। बताया गया कि वे गुरुवार दोपहर को विरेंद्र सिंह हॉस्पिटल के पास ही चाय की दुकान पर खड़े हुए थे। इसी दौरान बाइक पर सवार दो युवक पहुंचे। दोनों युवकों ने खुद को पुलिस में होना बताया और युवक की तलाशी लेनी शुरू कर दी।
आरोप है कि दोनों युवकों ने विरेंद्र को नशीला पदार्थ सुंघा दिया। जिससे वह बेहोश हो गए और बदमाश उससे लूटपाट करके फरार हो गए। होश में आने के बाद विरेंद्र ने इस वारदात की जानकारी पुलिस को दे दी। पुलिस ने मौके पर जाकर जांच की। विरेंद्र की तहरीर पर टीपीनगर थाने में लूट का मुकदमा दर्ज हो गया है।