चार जून 2022 को गंगानगर में टेंट व्यापारी कोमल कुमार के साथ मारपीट हुई थी, जिसमें सिपाही आकाश और विकास पर कार्रवाई नहीं की जा रही थी, जिस पर राज्यमंत्री दिनेश खटीक ने थाने में पहुंचकर मुकदमा दर्ज कराने की मांग की थी। इसी को लेकर मंत्री और इंस्पेक्टर में नोकझोंक भी हुई थी।
पुलिसकर्मियों पर कार्रवाई नहीं होने से क्षुब्ध होकर दिनेश खटीक ने इस्तीफा देने के लिए प्रेस वार्ता भी बुला ली थी। बाद में अफसरों ने बातचीत कर मामला शांत किया था। उस समय मंत्री की नाराजगी दूर कर टेंट व्यापारी की तहरीर पर दो सिपाहियों पर लूट, मारपीट और एससी-एसटी एक्ट में मुकदमा दर्ज कर लिया गया था। हालांकि सिपाहियों की तरफ से भी टेंट व्यापारी पर डकैती का मुकदमा पुलिस ने दर्ज किया था।
भाजपा की प्रदेश इकाई ने भी मांगी थी मामले की रिपोर्ट
भाजपा की प्रदेश इकाई ने क्षेत्रीय इकाई से इस संबंध में रिपोर्ट तलब की थी। दिनेश खटीक ने ट्वीट भी किए थे कि पुलिस सरकार को फेल करने में जुटी है। कहा था कि थानों में वसूली और उत्पीड़न चल रहा है। न्याय नहीं है।
दिनेश खटीक का पुलिस और प्रशासन से टकराव का रिश्ता पुराना रहा है। पिछले कार्यकाल में भी कार्यकर्ताओं की पैरवी करते हए उनके कई ऑडियो वायरल हुए थे, लेकिन संगठन का भरोसा उन पर बना रहा।